लखनऊ : कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग, 50 घर खाली कराए
लखनऊ के एक कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे भीषण आग लग गई। घटनास्थल से 4 किलोमीटर दूर से भी धुएं का गुबार दिख रहा है। फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां और 2 हाइड्रोलिक मशीन आग बुझाने में लगी हुई हैं।
राहत कार्य के दौरान करीब 5 घंटे बाद आग दोबारा तेजी से भड़क गई। आग 7 घंटे बाद भी नहीं बुझ पाई है। पुलिस ने एहतियातन पास की कॉलोनी दयाल रेजीडेंसी के करीब 50 घरों को खाली करा लिया है। कोल्ड स्टोरेज चिनहट थाना क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे बना हुआ है।
करीब 35 साल पुराने हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में फिलहाल हल्दी, मिर्च सहित किराने का सामान रखा जाता है। कुछ हिस्से में लकड़ी और बुरादा भी रखा था। स्टोरेज के मालिक राहुल गुप्ता भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है।
मिर्च-मसाले के धुएं से फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी परेशानी हो रही है। वे पहले अंदर जाने वाले थे, जब सब मिर्च के झार से खांसने लगे तो बाहर आ गए। टिन शेड के ऊपर और हाईड्रोलिक मशीन से रेस्क्यू जारी रखा। दयाल रेजिडेंसी कॉलोनी के निवासी विवेक श्रीवास्तव ने बताया- झार से घुटन होने लगी थी। सबने यही कहा कि किसने सुबह-सुबह मिर्च सुलगा दी। बाद में पता चला कि आग लगी हुई है।
जैसे ही जानकारी हुई, हम लोगों ने खुद लोगों को घर से बाहर बुलाना शुरू कर दिया। घरों से भरे सिलेंडर भी निकलवाकर बाहर सुरक्षित रखवा दिए।
दयाल रेजिडेंसी में रहने वाली कैलाशी अलका रानी ने कहा- सुबह जब मैं ऊपर वॉशरूम गई तो धुआं जैसा छाया था। सांस लेने में दिक्कत होने लगी। खांसी आ रही थी। मुझे लगा मिर्ज जैसा कुछ जल रहा है। इसी कोल्ड स्टोरेज से धुआं उठता दिखा। मैंने तुरंत नीचे आकर पुलिस को सूचना दी। उसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

