Dailynews

राममंदिर चढ़ावा चोरी-8 आरोपियों के घर पुलिस की एकसाथ छापेमारी, टिन्नू के घर अलमारी-बक्से खंगाले

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद 8 आरोपियों के घर पर रविवार सुबह 7 बजे पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की 8 टीमों ने एक साथ, एक ही वक्त पर आरोपियों के घर पर दबिश दी। इस दौरान 3 आरोपियों के घर पर ताला लगा था। पुलिस ने पड़ोसियों से सवाल-जवाब किए।

छापेमारी के दौरान चंपत राय के करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। कुछ देर बाद टिन्नू की मां मौके पर पहुंचीं और ताला खोला। पुलिस ने अंदर जांच पड़ताल की। पुलिस टिन्नू के घर से थोड़ी दूरी पर भतीजे आरोपी मनीष यादव के घर पहुंची तो वहां भी ताला लगा था। वहीं, आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी ताला लगा मिला।

आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर भी छापेमारी हुई। खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाले गए। परिजनों के बयान दर्ज किए गए। छापेमारी में राजस्व अधिकारियों खासकर लेखपालों को शामिल किया गया।

RSS की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा- SIT मामले की जांच कर रही है। दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। अयोध्या का राम राज्य ऐसा है कि अपराधियों को कभी माफ नहीं किया जाता। उन्हें सजा दी जाती है। जल्दबाजी करने या राजनीतिक रंग देने की कोई जरूरत नहीं है।

आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी में क्या हुआ?

  • रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू: राम मंदिर से 2 किमी दूर स्वर्गद्वार मोहल्ले में दो मंजिला मकान पर ताला लगा मिला। थोड़ी देर बाद टिन्नू की मां ने ताला खोला। पुलिस ने घर में रखे कागजातों, बक्सों और अलमारी की तलाशी ली। परिजन से पूछताछ की।
  • मनीष यादव: टिन्नू के घर के बगल में आरोपी भतीजे मनीष यादव के घर पर भी छापेमारी हुई। वहां भी ताला लगा मिला। दो मंजिला मकान में रह रहे किराएदारों से पुलिस ने मनीष के बारे में सवाल किए।
  • लवकुश मिश्रा: रुदौली स्थित घर के बाहर स्थानीय पुलिस ने डेरा डाल रखा है। घर के बाहर लवकुश के दादा 72 साल के जगदंबा मिश्रा बैठे दिखे। उनसे पूछताछ हुई। बाकी परिवार अंदर है। पुलिस की टीम यहां भी पहुंचेगी।
  • सुभाष चंद्र श्रीवास्तव: अंजनीपुरम स्थित घर में छापेमारी हुई। घर पर ताला मिला। पुलिस ने पड़ोसियों से बातचीत की। सुभाष की संपत्ति और लाइफस्टाइल के बारे में जानकारी जुटाई।
  • अनुकल्प मिश्रा: कौशलपुरी स्थित घर पर पुलिस पहुंची तो मां ने दरवाजा खोला। 3 पुलिसवाले घर के अंदर गए। संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाली। परिवारवालों से पूछताछ की। पड़ोसियों से भी सवाल-जवाब किए।
  • अविनाश शुक्ला: कौशलपुरी में घर पर पुलिस को कोई नहीं मिला। पास में किराना स्टोर चलाने वाले राहुल कुमार से पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने बताया- अविनाश किराए पर रहते हैं। योग सेंटर से जुड़े हुए थे। घर कहीं गांव में है।
  • रमाशंकर मिश्रा: नया घाट में आरोपी के पिता ने छन्नू लाल मिश्र ने बताया- पुलिस आई थी। बक्सा और अलमारी देखी। जांच के बाद चले गए। घर में कुछ नहीं मिला। कुछ कागजों पर साइन करवाए। रमाशंकर करीब 6 साल से मंदिर के लिए काम कर रहा था।

SIT ने 23 जून को रिपोर्ट सौंपी, 2 दिन बाद गिरफ्तारी

  • चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। SIT ने 23 जून को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) संजय प्रसाद को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। 25 जून को ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली FIR दर्ज हुई। इसमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 को नामजद किया गया। हालांकि, चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा समेत अन्य बड़े पदाधिकारियों के नाम नहीं हैं।
  • FIR दर्ज होने के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट ने सभी आरोपियों को तीन दिन के लिए जेल भेज दिया। शुक्रवार को ही मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।

अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर में कहा- राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सिर्फ छोटे लोगों, पैसे गिनने वाले और चौकीदारों को पकड़ा है। बड़े-बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। जिन 8 लोगों को पकड़ा, उनकी रिमांड भी नहीं ली। उन्हें जेल भेज दिया। 2-4 दिन में उनकी बेल करा देंगे। सब कुछ इस मामले को ढकने की कोशिश है। ऐसा लगता है कि यह बहुत बड़ी चोरी है। एक आरोप ये लग रहा है कि 200 करोड़ की चोरी हुई और रिकवरी सिर्फ 80 लाख की हुई है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *