मोदी बोले- यमुना का पानी प्रधानमंत्री भी पीता है, हरियाणा CM ने नदी से पानी पीकर दिखाया
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के यमुना में जहर वाले बयान पर राजनीति गरमा गई है। बुधवार सुबह दिल्ली में रैली के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा का भेजा यही पानी दिल्ली में हमारे सारे जज, जस्टिस, सम्मानित सदस्य पीते हैं। आपका प्रधानमंत्री भी यही पानी पीता है। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा ने जहर दिया होगा।
इसके बाद शाम को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य के बॉर्डर पर पहुंचकर यमुना नदी से पानी पीकर दिखाया। उन्होंने X पर वीडियो शेयर कर कहा कि मैंने बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया। आतिशी जी तो आई नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा।
नायब सैनी के इस पोस्ट को लेकर केजरीवाल ने कहा कि नायब सिंह सैनी जी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया… और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया। जिस जहरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं। मैं ऐसा हरगिज नहीं होने दूंगा।
पीएम मोदी बुधवार को विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली पहुंचे थे। PM ने करतार नगर में 50 मिनट की स्पीच दी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा घोटाला, शराब घोटाला, शीशमहल का जिक्र किया। साथ ही यमुना में जहर मिलाने के केजरीवाल के आरोपों का भी जवाब दिया।
पीएम ने कहा- दिल्ली के एक पूर्व सीएम ने हरियाणा के लोगों पर घिनौने आरोप लगाए। क्या हरियाणा के लोग अपने बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं क्या।
पीएम ने चुनाव सभा के दौरान कुंभ हादसे का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा- महाकुंभ में जो दुखद हादसा हुआ, उसमें हमने कुछ पुण्य आत्माओं को खोया है। उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। आप यहां वर्किंग डे होने के बाद भी इतनी विशाल संख्या में, दोपहर के समय हम सबको आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आपका बहुत आभार व्यक्त करता हूं, लेकिन ये दृश्य है, ये दिल्ली का मूड बता रहा है। दिल्ली के जनादेश के दर्शन करा रहा है। दिल्ली कह रही है कि अब आप-दा के बहाने नहीं चलेंगे। आप-दा के फर्जी वादे नहीं चलेंगे। दिल्ली कह रही है कि आप-दा की लूट और झूठ नहीं चलेगा।
दिल्ली के लोग भाजपा की डबल इंजन की सरकार चाहते हैं। ऐसी सरकार चाहते हैं जो गरीबों के घर बनाए। दिल्ली को आधुनिक बनाए, हर घर नल से जल पहुंचाए, टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए। दिल्ली कह रही है 5 फरवरी आएगी, भाजपा आएगी, आप-दा जाएगी। ये 21वीं सदी है। इसके 25 साल बीत चुके। इसके पहले 14 साल आपने देखे हैं। इसमें कांग्रेस का कार्यकाल देखा है। 11 साल आप-दा सरकार को दिए, लेकिन दिल्ली की समस्या वहीं की वहीं है। 25 साल इन दोनों ने आप की दो-दो पीढ़ी बर्बाद की हैं। दिल्ली को इन हालात से कौन निकाल सकता है। आपका एक वोट इन मुसीबतों से मुक्ति दिला सकता है। हमें 11 साल के पेंडिंग काम करने हैं। आने वाले 25-30 साल की तैयारियां करनी हैं।
दिल्ली के एक पूर्व सीएम ने हरियाणा के लोगों पर घिनौने आरोप लगाए। हार के डर से आपदा वाले बौखला गए। हरियाणा के लोग दिल्ली से अलग हैं। क्या उनके परिवार, रिश्तेदार दिल्ली में नहीं रहते। क्या हरियाणा के लोग अपने बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं क्या। हरियाणा का भेजा यही पानी दिल्ली में रहने वाले हमारे सारे जज, जस्टिस, सम्मानित सदस्य पीते हैं। आपका प्रधानमंत्री भी यही पानी पीता है। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा ने जहर दिया होगा। क्या बात करते हो।
देशवासियों पर ऐसा झूठा आरोप लगाते हैं। कुछ भी बोलते हैं। ऐसी ओछी राजनीति करने वालों को दिल्ली की जनता सबक सिखाएगी। आप-दा वालों की लुटिया यमुना जी में डूबेगी। साथियों, आप-दा वालों की नीयत ही काम करने की नहीं है। पिछले 5 साल में दिल्ली विधानसभा सिर्फ 70-75 दिन चली। ये विधानसभा के इतिहास का सबसे कम कामकाज रहा।
भारतीय गणतंत्र के 75 साल पूरे होने का जोश पूरे देश में है, लेकिन हमें नहीं भूलना है कि इन लोगों ने भारतीय सेना पर सवाल उठाए थे। इन लोगों ने विधानसभा में सत्र बुलाकर सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। सेना पर सवाल उठाए थे। आप-दा वालों को सजा देने का मौका 5 फरवरी को है। आप-दा वालों को इस चुनाव में सबक जरूर सिखाएं। आज अगर कोई दिल्ली का नाम लेता है तो वो कहता है कि ये देश की राजधानी है। दिल्ली शहर की अपनी कोई विशेष पहचान नहीं है।