दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे तक बनेगा नया कॉरिडोर
नोएडा। दिल्ली को सीधे यमुना एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए डीएनडी से घरबरा तक 31.437 किलोमीटर लंबे नए रोड कॉरिडोर की योजना पर काम तेज हो गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 4300 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। हाल ही में इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें परियोजना की प्रगति और संभावित चुनौतियों पर चर्चा की गई।
प्रस्तावित रोड का एक हिस्सा ओखला बर्ड सेंचुरी क्षेत्र से होकर गुजरना है। इसी वजह से वहां दोबारा फिजिबिलिटी स्टडी कराई जा रही है। यदि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) या वन विभाग से एनओसी नहीं मिलती है, तो वैकल्पिक एलाइनमेंट पर भी विचार किया जा रहा है।
दिल्ली से आगरा-मथुरा जाने वालों को मिलेगा सीधा रास्ता
इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली से आगरा, मथुरा और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को नोएडा शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। रोड को सेक्टर-94 पुश्ता से जोड़ते हुए सेक्टर-151 के पास यमुना एक्सप्रेस-वे तक पहुंचाया जाएगा, जिससे यात्रा अधिक सुगम और तेज हो सकेगी।
तीन हिस्सों में तैयार होगा पूरा प्रोजेक्ट
प्रस्तावित कॉरिडोर को तीन चरणों में विकसित किया जाएगा।
एलिवेटेड-1: डीएनडी टोल प्लाजा से सेक्टर-94 तक लगभग 5 किलोमीटर लंबा।
बंधा रोड एलाइनमेंट: करीब 28 किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग।
एलिवेटेड-2: सेक्टर-151 से घरबरा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के पास तक 9.2 किलोमीटर लंबा।
हालांकि प्राधिकरण का कहना है कि यह प्रारंभिक लेआउट है और अंतिम डिजाइन में बदलाव संभव हैं।
14.2 किमी एलिवेटेड रोड, बड़ा फ्लाईओवर और इंटरचेंज बनेंगे
नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सतीश पाल के अनुसार, परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए सिंचाई विभाग से एनओसी आवश्यक होगी।
उन्होंने बताया कि 31.437 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में करीब 14.2 किलोमीटर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। इसके अलावा एक बड़ा फ्लाईओवर, विभिन्न प्रकार के इंटरचेंज, एक फुल कल्वर्ट और तीन ट्रंपेट इंटरचेंज भी प्रस्तावित हैं।
1400 करोड़ होगी भूमि लागत
परियोजना की कुल अनुमानित लागत 4300 करोड़ रुपए है, जिसमें लगभग 1400 करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण पर खर्च होंगे। अभी तक इस योजना पर यूपीडा काम कर रही थी, लेकिन भविष्य में इसके निर्माण की जिम्मेदारी एनएचएआई को दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

