दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट के लिए पंकज की पीट-पीटकर मारा
Shahdara Railway Station: इंडियन रेलवे की सुरक्षा पर एक बार फिर से बड़ा सवाल उठा है. देश की राजधानी दिल्ली के एक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन यात्री की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा मुहैया कराने के लिए तैनात रहने वाले GRP या RPF के जवान कुछ नहीं कर सके. मारपीट में घायल शख्स को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. इस घटना से सनसनी फैल गई. यह घटना ट्रेन के जनरल बोगी के सामने हुई. बताया जा रहा है कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर हुई हिंसक मारपीट में एक यात्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज ढामा के रूप में हुई है. रेलवे पुलिस के मुताबिक, घटना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर उस समय हुई जब पंकज ढामा योगा एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान कुछ सहयात्रियों के साथ उनका विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो ट्रेन की जनरल बोगी में सीट को लेकर विवाद हो गया, जो तुरंत मारपीट में तब्दील हो गई.
लात-मुक्कों से पिटाई
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में पता चला कि पंकज ढामा के साथ कथित तौर पर कुछ सहयात्रियों ने बेरहमी से मारपीट की. आरोप है कि उन्हें मुक्कों और लातों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक कांस्टेबल ने बीच-बचाव कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक पंकज गंभीर हालत में पहुंच चुके थे. घायल पंकज ढामा को तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रेलवे पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में उनका मेडिको-लीगल केस (MLC) भी दर्ज किया गया है. इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

