बुलंदशहर में 12 साल की बच्ची का अर्धनग्न शव मिला, चोट के निशान
बुलंदशहर में शनिवार रात 8 बजे लापता 12 साल की छात्रा का अर्धनग्न शव मिला। चेहरे, कंधे, हाथ, पेट, छाती और पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर नोंचने और धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं।
मां ने कहा-

घर के पास से कुछ लोग उनकी बेटी का अपहरण कर ले गए। उसके साथ गैंगरेप किया, फिर हत्या कर शव फेंक दिया। बेटी से दरिंदगी करने वाले आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए।
घटना जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर ककोड़ थाना क्षेत्र की है। छात्रा शुक्रवार दोपहर 3 बजे घर के पास से लापता हुई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा- अगर परिजन समय रहते सूचना देते, तो संभव है कि बच्ची को बचाया जा सकता था। ककोड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा की मां ने बताया कि उनकी बेटी चौथी कक्षा में पढ़ती थी। शुक्रवार दोपहर 3 बजे वह किसी काम से घर से निकली थी। इसके बाद वह नहीं लौटी। बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हुए। वे लोग उसे हर संभव जगह ढूंढ़ते रहे।
शनिवार रात 8 बजे ग्रामीणों ने वैर रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में किशोरी का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ककोड़ थाना प्रभारी सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद परिजन भी पहुंचे और शव की पहचान लापता छात्रा के रूप में की।
परिजन ने बताया कि छात्रा के शव पर कपड़े नहीं थे। चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि शरीर के कई हिस्सों पर नोंचने, खरोंच और धारदार हथियार से किए गए वार के निशान दिखाई दे रहे थे। पिता ने रोते हुए कहा, “हमारी बेटी बहुत सीधी-सादी और मासूम थी। हम प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं। सरकार से हाथ जोड़कर गुहार है कि जल्द से जल्द न्याय मिले। हम गरीब लोग हैं, हमारी सुनवाई हो।” घटना की जानकारी मिलते ही सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक लक्ष्मी राज सिंह पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। पुलिस अफसरों को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। ‘अगर छात्रा के लापता होने की तत्काल सूचना मिलती तो पुलिस उसकी तलाश करती। संभव है कि घटना टाली जा सकती थी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को लगाया गया है। आसपास के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। दोषियों को बख्शेंगे नहीं।’

