शोएब ने सौरभ बनकर हिंदू लड़की से की दोस्ती, वायरल किए अश्लील फोटो-वीडियो
लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवक पर हिंदू लड़की का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुस्लिम युवक ने हिंदू बनकर इंस्टाग्राम के जरिए 15 साल की हिंदू लड़की से दोस्ती की। उसके साथ छेड़छाड़ करके अश्लील फोटो-वीडियो बनाए।
उसके बाद धर्मांतरण का दबाव बनाया। धर्मांतरण न करने पर उसने लड़की के अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर दिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शोएब अख्तर पुत्र सुबराती के रूप में हुई है।
वह ग्राम कर्दा थाना वजीरगंज जिला गोंडा का रहने वाला है। रैथा रोड छठामील चौराहा पर प्रोफेशनल शोएब अख्तर सैलून नाम से नाई की दुकान करता था।
सनातन संघ संगठन के लोगों ने रविवार शाम को शोएब अख्तर को पकड़कर सैरपुर थाना पुलिस को सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष अभय सिंह चौहान ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि शोएब अख्तर खुद को हिंदू बताकर हिंदू लड़कियों से दोस्ती करके उनसे नजदीकियां बढ़ाता था।
उन्हें फंसाकर संबंध बनाता था। उनका अश्लील फोटो और वीडियो बनाता था। उन्हें वायरल करने की धमकी देकर धर्मांतरण का दबाव बनाता था। उसके मोबाइल से 13-14 लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो मिले हैं। उसके बारे में हम लोग 6 माह से जानकारी जुटा रहे थे। रविवार को उसे पकड़कर सैरपुर पुलिस के हवाले कर दिया। विवार को 15 साल की पीड़ित लड़की ने भी सैरपुर थाने में शोएब अख्तर के खिलाफ शिकायत दी। लड़की ने आरोप लगाया कि शोएब अख्तर ने अपना नाम और धर्म छिपाकर खुद को सौरभ सिंह बताते हुए करीब 2 साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती की।
बातचीत करके नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद एक दिन छेड़छाड़ कर अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। कुछ दिन बाद पता चला कि वह हिंदू नहीं, मुसलमान है। इस पर उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बाद उसने गाली-गलौज की। अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर दिए।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी शोएब अख्तर के खिलाफ धर्मांतरण, आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एडीसीपी नॉर्थ ट्विंकल जैन ने बताया कि आरोपी शोएब पुलिस गिरफ्त में है। मामले में जांच की जा रही है। उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

