योगी पर टिप्पणी करने वाला लंगड़ाते हुए थाने से निकला
मेरठ में CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले 70 साल के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने थाने में पुलिसवालों के सामने कान पकड़कर माफी मांगी। पुलिस जब उसे थाने से बाहर लेकर आई तो वह लंगड़ाता दिखा। उसने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि गलती हो गई। अब ऐसा नहीं होगा। आज यानी शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपी ने 28 मई यानी बकरीद वाले दिन रेलवे रोड पर ईदगाह से निकलने के बाद पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी पर अभद्र टिप्पणी की थी। मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा था- ये हमसे वंदे मातरम के लिए कह रहे हैं। अल्लाह बड़ा है। मोदी-शाह बड़े नहीं हैं। योगी बड़े नहीं है। ये महाराज कहां के हैं। इन पर कई मुकदमे चल रहे हैं।
इस दौरान उसके पीछे 10 से 12 लोग खड़े थे। सभी उसके बयान पर ठहाके लगाकर हंस रहे थे। मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में आरोपी की पहचान देहली गेट के रहने वाले एहसान के रूप में हुई। 29 मई यानी शुक्रवार शाम को पुलिस एहसान को उठाकर रेलवे रोड थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक, एहसान पेशे से स्क्रैप कारोबारी है। उसे उसके देहली गेट स्थित घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसका बर्ताव बिल्कुल बदला हुआ नजर आया। थाने में वह कान पकड़कर माफी मांगता रहा। पूछताछ में उसने बताया कि उसे तैश में आकर नफरती भाषा का इस्तेमाल किया था।
गिरफ्तारी के बाद मीडिया को ब्रीफ करने के लिए जब पुलिस आरोपी को थाने से बाहर लेकर आई, तो आरोपी लंगड़ा कर चल रहा था। उसने मीडिया के सामने ही अपने कान पकड़ लिए। सिर झुकाकर चलता दिखा।

