यूपी के 17 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार को पूर्वांचल के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 50 किमी. की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। पश्चिम यूपी समेत बाकी इलाकों में सुबह से मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। ठंडी हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई।
मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है। आज इसका असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इसके बाद 3 दिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। पारा 5-6°C तक उछलकर फिर से 45°C के पार पहुंच सकता है। इससे प्रचंड गर्मी पड़ेगी। हालांकि, फिलहाल लू से राहत बरकरार रहेगी।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो आगरा, जालौन, ललितपुर और मऊ में तेज हवा के साथ बारिश हुई। मऊ में ओले भी गिरे। ललितपुर में कई शादी समारोहों की व्यवस्थाएं बिगड़ गई। इसके अलावा, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ रहा। वाराणसी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39°C दर्ज किया गया।
बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में खराब मौसम की वजह से लखनऊ आने-जाने वाली 4 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं। पटना में खराब मौसम की वजह से कोलकाता से आए इंडिगो के विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान पटना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका और आसमान में चक्कर लगाता रहा। बाद में इसे लखनऊ में लैंड कराया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश हो रही है। किसी-किसी दिन धूप के साथ मौसम साफ हो जा रहा है। पहाड़ों पर अगले 2 से 3 दिन भी ऐसे ही उतार-चढ़ाव के आसार है। इसका सीधा असर यूपी में दिख रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा बनाए हुए हैं। बारिश के अनुकूल सिस्टम तैयार कर रही हैं।

