google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Crime News

UP : रेप के बाद लड़की के चेहरे पर अपना नाम लिखा, रॉड से चेहरे पर 100 बार दागा

लखीमपुर-खीरी : नाबालिग को बंधक बनाकर एक युवक ने रेप किया। लोहे की गर्म रॉड से लड़की के चेहरे पर 100 बार दागा और अपना नाम लिख दिया। लड़की के शादी से इनकार करने के बाद युवक ने यह हैवानियत की।

मामला लखीमपुर खीरी का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और मारपीट का केस दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार है।

धौरहारा क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले आरोपी अमन (18) की गांव की एक 14 साल की लड़की से दोस्ती थी। दोनों 2-3 साल से एक-दूसरे को जानते थे। अमन उसी कस्बे में सैलून चलाता है। लड़की घर पर ही रहती है। लड़की के माता-पिता मजदूरी के लिए कस्बे में जाते हैं। लड़का पिछले कई दिनों से लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था। लड़की हर बार टाल रही थी। परेशान होकर उसने अमन से मिलना-जुलना भी कम कर दिया।

लड़की ने अपने माता-पिता से अमन की हरकतों की शिकायत की। इसके बाद अमन के घर जाकर उसे समझाने के लिए कहा। अमन ने अपने घर वालों की भी नहीं सुनी। जब लड़की ने अमन से मिलना पूरी तरह बंद कर दिया तो उसने ये कदम उठाया।

लड़की ने पुलिस को शिकायत दी। उसने कहा- 19 अप्रैल को अपने घर से सामान लेने के लिए मोहल्ले की दुकान पर गई थी। तभी अमन वहां आया और रास्ते से मुंह दबाकर मुझे अपने घर घसीट ले गया। घर में उसने मुझसे शादी का दबाव बनाया। मैंने मना कर दिया। गुस्से में उसने पीटना शुरू कर दिया। मेरे हाथ पैर बांधकर गलत काम किया।

मैंने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो जान से मारने की धमकी दी। गुस्से में उसने लोहे की रॉड को गर्म किया और मेरे चेहरे पर अपना नाम लिखना शुरू कर दिया। मैं जब चिल्लाने लगी तो मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। अमन के घर वाले भी आ गए। वह भी उसका साथ दे रहे थे।

उसने पहले पेन से मेरे गाल पर पूरा नाम लिखा। फिर उसी लिखे पर लोहे की रॉड से 100 बार दागा। वह कह रहा था कि तुम कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहोगी। 3 दिन तक वह मुझे अपने घर में बंधक बनाए रहा। जब में छूटकर बाहर आई तो मां-बाप के साथ थाने पहुंची। पहले दिन पुलिस ने भी मेरी सुनवाई नहीं की।

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया, आरोपी अमन बेटी को बहुत दिनों से परेशान कर रहा था। हमने उसके घर शिकायत भी की लेकिन कोई असर नहीं हुआ। मेरी बेटी 19 अप्रैल को घर से निकली। उसके बाद घर नहीं आई। हम उसे तलाश करते रहे। पहले हमें लगा किसी सहेली के घर चली गई होगी।

जब रात तक नहीं आई तो हमने पुलिस को सूचना दी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तीसरे दिन जला चेहरा लिए बेटी अचानक सामने आई। बेटी को देखकर हम बहुत परेशान हो गए। बेटी ने पूरी घटना बताई। तब हम बेटी को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। मामले को लेकर क्षेत्राधिकार धौरहरा पीपी सिंह ने बताया, गिरफ्तारी के लिए 3 टीम गठित की गई है। आरोपी जल्द गिरफ्तार हो जाएगा।

लड़की का मेडिकल कराया गया
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पहले मामूली धाराओं में केस दर्ज किया था। दबाव पड़ने पर पुलिस ने रेप और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। लड़की का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

एडिशनल एसपी (वेस्ट) पवन गौतम ने बताया कि संबंधित मामले में FIR दर्ज है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। लड़की का आरोप है कि लड़के ने उसके चेहरे पर जलाकर अल्फाबेट लिखे हैं। आरोपी पर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *