UP DElEd Admission 2026: जून के पहले सप्ताह में शुरू होंगे आवेदन!
UP DElEd Admission 2026: उत्तर प्रदेश में DElEd (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) ट्रेनिंग 2026 में दाखिले का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है. DElEd 2026 प्रवेश प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है. परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) की ओर से प्रवेश का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है. शासन से मंजूरी मिलते ही विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट – updeled.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे.
करीब 2.39 लाख सीटों पर होंगे एडमिशन
इस बार सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों की करीब 2 लाख 39 हजार सीटों पर दाखिला प्रक्रिया पूरी की जाएगी. बता दें DElEd दो साल का ट्रेनिंग पाठ्यक्रम है, जिसके जरिए अभ्यर्थी प्राइमरी टीचर बनने के लिए एलिजिबल होते हैं.
पिछले साल खाली रह गई थीं कई सीटें
DElEd 2025 सेशन में कुल सीटों के मुकाबले सिर्फ 40 प्रतिशत सीटों पर ही एडमिशन हो सका था. करीब 2.39 लाख सीटों में से केवल 95 हजार सीटें ही भर पाई थीं. परीक्षा नियामक सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि एडमिशन से जुड़ा प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, DElEd ट्रेनिंग प्राप्त अभ्यर्थी ही देश में प्राइमरी टीचर बनने के लिए एलिजिबल होते हैं. ऐसे अभ्यर्थी कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को पढ़ा सकते हैं.
DElEd 2026 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया होना जरूरी है. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हो सकते हैं. वहीं, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 45 प्रतिशत अंक मान्य होंगे.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की जा सकती है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.
कितना हो सकता है आवेदन शुल्क?
DElEd एडमिशन 2026 के लिए आवेदन शुल्क अलग-अलग वर्गों के लिए अलग हो सकता है.
– सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 700 रुपये शुल्क देना पड़ सकता है.
– एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये शुल्क हो सकता है.
– पीएच कैटेगरी के अभ्यर्थियों को 200 रुपये शुल्क देना पड़ सकता है.
फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और यूपीआई के जरिए ऑनलाइन किया जा सकेगा.
कैसे होगा सेलेक्शन?
DElEd एडमिशन में अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा. मेरिट लिस्ट 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. इसके बाद काउंसलिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होगी.
UP DElEd Admission 2026: कैसे करें आवेदन?
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट updeled.gov.in पर जाएं.
2. इसके बाद होम पेज पर “U.P. D.El.Ed Registration 2026” लिंक पर क्लिक करें.
3. अब मांगी गई जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
4. रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके बाकी जरूरी जानकारी दर्ज करें.
5. इसके बाद आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करें.
6. फॉर्म सबमिट होने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें.

