UP Storm News: यूपी के इन जिलों में 31 मई तक IMD का ऑरेंज अलर्ट
लखनऊ. प्रदेश में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है. प्रदेश के कई जिलों में देर रात तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 31 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. कई जिलों में ओलावृष्टि और 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी.
इसी बीच देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई. सहारनपुर के शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में अचानक नदी में बाढ़ आने से भगदड़ मच गई. तेज बहाव में ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें और कई दुकानें बह गईं. हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य किया. प्रयागराज में तेज आंधी के चलते सड़क किनारे लगाए गए अस्थाई डिवाइडर गिर गए और नगर निगम के ग्रीन शेड हवा में उड़ गए. कई इलाकों में पेड़ और होर्डिंग गिरने से यातायात प्रभावित रहा. प्रतापगढ़ के फतुहाबाद इलाके में टिन शेड का पिलर गिरने से 85 वर्षीय महिला फूलकली की मौत हो गई. राजधानी लखनऊ में भी देर रात तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिला. चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर टिन शेड गिरने से दो यात्री घायल हो गए.
कौशांबी में आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक मकान ढह गया, जिसमें माया देवी और उनके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. रायबरेली में टीन शेड पर पेड़ गिरने से एक महिला की जान चली गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई. वहीं नोएडा के सेक्टर-63 में दीवार गिरने से एक 15 वर्षीय बच्चा घायल हो गया. उधर हमीरपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया. कुरारा क्षेत्र में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब देर रात करीब तीन बजे तेज बारिश और आंधी के दौरान भरभराकर गिर गया. बताया जा रहा है कि कई मजदूर स्लैब के नीचे सो रहे थे. हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. तीन मजदूर पिलर पर फंसे रहे, जिन्हें SDRF और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू किया गया.
सीएम ने दिया मुआवजे का आदेश
इन घटनाओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने हमीरपुर हादसे में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. साथ ही पूरे प्रदेश में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का 24 घंटे के भीतर आकलन कर राहत राशि देने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर उतरकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, प्रभावित परिवारों से संवाद बनाए रखने और हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है.

