PM Modi प्रेस कांफ्रेंस क्यों नहीं करते?
PM Modi in New Zealand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूजीलैंड के दौरे पर पहुंचे हैं. यहां उनका ग्रांड वेलकम किया गया. पीएम मोदी की यात्रा को देखते हुए भारतीय विदेश विभाग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया. इस दौरान न्यूजीलैंड के एक पत्रकार ने पीएम मोदी से जुड़ा सवाल पूछा. इंडियन डिप्लोमेट ने इस सवाल का पूरी स्मार्टनेस के साथ जवाब दिया. दरअसल, पत्रकार ने पीएम मोदी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस न करने पर सवाल पूछा था. इसका इंडियन डिप्लोमेट रुद्रेंद्र टंडन ने बखूबी जवाब दिया.
न्यूजीलैंड के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मीडिया से संवाद शैली को लेकर एक स्थानीय पत्रकार ने सवाल उठाया. ऑकलैंड में भारतीय राजनयिकों के साथ बातचीत के दौरान पत्रकार ने पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों नहीं करते. इस पर विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी रुद्रेंद्र टंडन ने जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की राजनीतिक कार्यशैली पर टिप्पणी करना एक सिविल सर्वेंट के रूप में उनका अधिकार क्षेत्र नहीं है. रुद्रेंद्र टंडन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसे भारतीय राजनेता हैं जो जनता से सीधे संवाद को प्राथमिकता देते हैं. उनके अनुसार, भारत में अधिकांश नेता अपने मतदाताओं से सीधे संपर्क बनाए रखना पसंद करते हैं और वे मध्यस्थों यानी इंटरमिडियरीज के जरिये बातचीत करने के बजाय आम लोगों तक सीधे पहुंचने में विश्वास रखते हैं. रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं से सीधे जुड़ने की कला को बेहद प्रभावी ढंग से विकसित किया है. उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना जाना और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होना इस बात का संकेत है कि उनकी यह शैली राजनीतिक रूप से सफल रही है. प्रधानमंत्री मोदी के प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने का मुद्दा इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठ चुका है. मई में नॉर्वे की यात्रा के दौरान ओस्लो में प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टोरे के साथ मीडिया कार्यक्रम के बाद एक नॉर्वेजियन पत्रकार ने भी पीएम मोदी से यही सवाल पूछा था कि वे पत्रकारों के सवाल क्यों नहीं लेते. हालांकि, उस समय प्रधानमंत्री बिना कोई प्रतिक्रिया दिए कार्यक्रम स्थल से आगे बढ़ गए थे. इस घटना पर बाद में मीडिया और सोशल मीडिया में व्यापक चर्चा हुई थी.
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचे. लगभग चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा मानी जा रही है. उनके स्वागत के लिए ऑकलैंड के प्रसिद्ध स्काई टॉवर को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया. 328 मीटर ऊंचा यह टॉवर शहर के प्रमुख प्रतीकों में शामिल है और इस विशेष प्रकाश सज्जा को मोदी की यात्रा के सम्मान में आयोजित किया गया. दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और विभिन्न भारतीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया. यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और न्यूजीलैंड ने अप्रैल में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए हैं. यह समझौता मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की भारत यात्रा के दौरान हुई द्विपक्षीय वार्ताओं के बाद संभव हुआ था. दोनों देश आर्थिक, व्यापारिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

