सुप्रीम कोर्ट की फटकार पर तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम जला
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु के मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर बने दीपस्तंभ पर आज शाम 5 बजे दीप जलाया गया। इस दौरान श्रद्धालु भगवान मुरुगा की जय-जयकार करते रहे।
वेत्रिवेल मुरुगानुक्कु अरोहारा के मंत्रों के बीच दीप जलाया गया। इस दौरान सिर्फ 50 लोगों को पहाड़ी पर जाने की इजाजत मिली। CRPF ने पहाड़ी की सुरक्षा अपने हाथ में ले ली है। पहाड़ी के नीचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटे।
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर दीपस्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन राज्य सरकार और मंदिर ट्रस्ट ने वहां दीप नहीं जलाया। 27 नवंबर को कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को फटकार लगाई। साथ ही मंदिर के ट्रस्टियों को सस्पेंड कर दिया और आज दोबारा दीप जलाने का आदेश दिया।
जस्टिस वैद्यनाथन ने पुजारियों को दीप जलाने का बड़ा बर्तन सौंपा
- तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शाम 5 बजे कार्तिगई दीपम जलाया जाएगा। पूर्व जस्टिस एस. वैद्यनाथन ने अधिकारियों और पुजारियों से बातचीत के बाद यह जानकारी दी।
- जस्टिस वैद्यनाथन और मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व जज वी. पार्थिबन शनिवार सुबह चेन्नई से मदुरै पहुंचे। मंदिर में पूजा करने के बाद उन्होंने दीप जलाने वाला बड़ा पात्र पुजारियों को सौंपा।
- इसे पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ पर लगाया जाएगा। इसके लिए वहां मचान बनाया गया है। जस्टिस वैद्यनाथन ने जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण को भी समारोह में मौजूद रहने के लिए कहा।
- सभी दोपहर 4 बजे तक दीपथून पर पहुंचेंगे। लाउडस्पीकर से बताया गया कि दीप जलते देखने के लिए सिर्फ 50 लोगों को पहाड़ी पर जाने दिया जाएगा।
- पहाड़ी के नीचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जमा हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल टीम और एंबुलेंस का इंतजाम भी कर लिया गया है।

