KGMU में रैगिंग पर एक्शन : जूनियर्स से डांस करवाने वाले 38 MBBS छात्र सस्पेंड
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के 38 MBBS छात्रों को रैगिंग के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। तीन महीने के सस्पेंशन के साथ छात्रों पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है। इन छात्रों को हॉस्टल से भी निकाल दिया गया है।
एंटी-रैगिंग सेल की जांच में सामने आया है कि सीनियर स्टूडेंट्स रात 12 बजे से 2 बजे तक जूनियर छात्रों को परेशान करते थे। उन्हें वीडियो कॉल करके जगाते और रात में जबरन डांस करवाते थे। विरोध करने पर गाली-गलौज और अभद्रता की जाती थी। जूनियर छात्रों से सीनियर के सामने सिर झुकाकर ‘प्रणाम महोदय’ और ‘प्रणाम मैडम’ कहलवाया जाता था।
दरअसल, 16 नवंबर को KGMU कैंपस में रैगिंग का वीडियो सामने आया था। वीडियो आने के बाद हड़कंप मच गया था। इसके बाद एंटी रैगिंग सेल ने जांच शुरू की थी। रिपोर्ट के आधार पर 26 नवंबर को कुलपति ने कार्रवाई की मंजूरी दी।
गोरखपुर में भी 18 एमबीबीएस स्टूडेंट हुए थे सस्पेंड
करीब एक महीना पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भी रैगिंग के आरोप में एमबीबीएस 2025 के 16 छात्रों और 2 इंटर्न समेत 18 स्टूडेंट्स पर कार्रवाई हुई थी।
इंटर्न्स को एक महीना के लिए और 16 एमबीबीएस छात्रों को एक सप्ताह के लिए सस्पेंड किया गया था। इन पर एमबीबीएस 2026 बैच के जूनियर छात्रों की रैगिंग का आरोप लगा था।
अक्टूबर के पहले हफ्ते में इसकी शिकायत नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और यूजीसी (UGC) के एंटी-रैगिंग सेल में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद कॉलेज के एंटी-रैगिंग स्क्वायड ने जांच की थी।

