Dailynews

आगरा : 10 पुलिसकर्मियों पर वकील की हत्या की FIR, SO और चौकी इंचार्ज सस्पेंड, पत्नी बोली- हत्या कर फ्लैट से नीचे फेंका

आगरा, एडवोकेट सुनील शर्मा की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को घर वालों ने वकील सुनील शर्मा का शव सड़क पर रखकर हंगामा किया। पत्नी की तहरीर पर थाना न्यू आगरा के SO, चौकी इंचार्ज समेत 10 पुलिस वालों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।

परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वो अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सुनील की पत्नी ने पुलिस पर फ्लैट से नीचे फेंककर हत्या का आरोप लगाया है।

वकील सुनील शर्मा पर बंधक बनाकर बैनामा कराने का आरोप था। इस मामले में पुलिस काफी समय से वकील की तलाश कर रही थी। वकील के घर में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम शुक्रवार रात मंगलम आधार अपार्टमेंट में दबिश देने पहुंची थी।

पुलिस को देखते ही वकील सुनील शर्मा डर गया और हड़बड़ाहट में बिल्डिंग की 8वीं मंजिल से गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वकील के गिरने का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

पत्नी का आरोप- घर से घसीटकर ले गए और 8वीं मंजिल से धक्का दे दिया
मृतक सुनील शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा ने तहरीर दी है कि देर रात 10 पुलिसकर्मी उनके घर का दरवाजा तोड़कर घुस गए। उनके पति के साथ मारपीट की। फिर उन्हें घसीटते हुए ले गए और हत्या कर 8वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया।

मृतक वकील के परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज न होने पर पंचनामे के कागज पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया था। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने देर रात 12 बजे परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन वो नहीं माने।

इसके बाद अधिकारियों ने थाना प्रभारी राजीव कुमार और दयालबाग चौकी इंचार्ज अनुराग सिंह को सस्पेंड कर दिया। साथ ही 10 पुलिसकर्मियों पर नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद परिजनों ने पंचनामे पर साइन किए और 25 घंटे बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हुई।

वकील सुनील शर्मा अपनी पत्नी के साथ मंगलम आधार अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर- 801 में करीब एक महीने से रह रहा था। 1 मार्च की रात करीब 11 बजे एक गाड़ी में पुलिस की टीम अपार्टमेंट पहुंची। पुलिस वाले सीढ़ियों से फ्लैट की ओर जा रहे थे, तभी किसी के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी।

जिसके बाद पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठकर वापस जाने लगे। मगर, अपार्टमेंट के लोगों ने पुलिस को रोक लिया। इसके बाद पुलिस वाले घायल सुनील को अपनी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया

इस मामले में डीसीपी सिटी सूरज राय का कहना है कि पुलिस दबिश देने गई थी। माना जा रहा है कि वकील पुलिस से बचने के लिए फ्लैट नंबर- 802 में छिपने जा रहे होंगे। इसी दौरान गिरने से उनकी मौत हो गई। अपार्टमेंट के CCTV फुटेज देखे जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *