मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे बुलंदशहर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को बुलंदशहर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे जिले को करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके इस दौरे को 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना के बाद से ही जिला प्रशासन अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री का दौरा दो मुख्य पड़ावों में बंटा होगा। पहले पड़ाव में मुख्यमंत्री शिकारपुर तहसील स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर पहुंचेंगे। वे यहां लगभग एक घंटा बिताएंगे, जिसमें छात्रों और स्थानीय प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बुलंदशहर शहर के ऐतिहासिक नुमाइश ग्राउंड जाएंगे, जहां एक विशाल रैली और जनसभा का आयोजन किया गया है। इस जनसभा के मंच से वे कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
इस दौरे को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बुलंदशहर की दो प्रमुख विधानसभाओं को विशेष रूप से शामिल किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा, “बुलंदशहर भाजपा का अभेद्य किला रहा है। पिछले चुनावों में यहां की जनता ने सातों विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई थी। पार्टी का हर कार्यकर्ता 2027 के रण के लिए मैदान में उतर चुका है। हमें पूरा विश्वास है कि इतिहास दोहराया जाएगा और सातों सीटें जीतकर तीसरी बार योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।”
रैली को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। वहीं, जिला प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ नुमाइश ग्राउंड में पंडाल और हेलीपैड की तैयारियों में जुटा है।

