यूपी-बिहार में 7 दिन तेज बारिश का अलर्ट
देश के करीब 50-60% हिस्से में फिर बादल छाए दिख रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से यूपी, बिहार समेत पूर्वोत्तर में बारिश हो रही है। यहां अगले 7 दिनों में तेज बारिश का अलर्ट है।
वहीं ऑल इंडिया वेदर के मुताबिक भूमध्य रेखा के पास भी एक और सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इन दो नए सिस्टम के एक्टिव होने से 20 से 30 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश समेत उत्तर और मध्य भारत में बारिश की संभावना है।
जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून आने के बाद जम्मू-कश्मीर में 15 दिनों में 16 बार बादल फटे हैं। कश्मीर मौसम केंद्र के मुताबिक, आने वाले दिनों में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
तमिलनाडु में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अल नीनो की वजह से बारिश कम होने से जुलाई में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। दिल्ली में यमुना नदी पिछले 225 वर्षों में काफी सिमट गई है। दिल्ली विश्वविद्यालय के भूविज्ञान विभाग और भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल के वैज्ञानिकों के अध्ययन में सामने आया है कि 1799 की तुलना में नदी की चौड़ाई करीब 68% और प्राकृतिक बहाव लगभग 89% घट गया है।
शोधकर्ताओं ने 1799 में अपजॉन द्वारा तैयार किए गए ऐतिहासिक नक्शे और आधुनिक उपग्रह तस्वीरों का विश्लेषण कर पाया कि मानव हस्तक्षेप, बैराजों के निर्माण और तेज शहरीकरण ने यमुना के प्राकृतिक स्वरूप को काफी बदल दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 7 दिनों तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी बादल छाए रहने और कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

