अंबेडकरनगर : 13 गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों को नोटिस जारी
अंबेडकरनगर में गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों द्वारा छात्र-छात्राओं का अवैध रूप से संबद्धता करने के मामले में डीआईओएस कार्यालय ने 13 विद्यालयों को नोटिस जारी किया है। इन स्कूलों को तीन दिन के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया है, अन्यथा उनकी मान्यता रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।
डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर क्षेत्रवार जांच कराई जा रही है। इस जांच में 13 विद्यालय बिना मान्यता के और अवैध रूप से छात्रों को संबद्ध कर संचालित होते पाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में ऐसे सभी गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों को चिह्नित किया जा रहा है।
मान्यता रद्द करने की सिफारिश की जाएगी
जारी किए गए नोटिस में इन विद्यालयों से मान्यता संबंधी सभी आवश्यक प्रपत्र कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है। यदि तीन दिन के भीतर ये प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित विद्यालयों को बंद करा दिया जाएगा और उनकी मान्यता रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।
इन स्कूलों को मिला नोटिस
जिन विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें मां ब्रह्ना देवी रमाशंकर इंटर कॉलेज तमसा मार्ग अकबरपुर, गौरव रामानुज इंटर कॉलेज गौरा बसंतपुर, एसपी हाईस्कूल अरिया बाजार, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी, विनोद कुमार सोनी जूनियर हाईस्कूल रगड़गंज, एमजी ओरियंट पब्लिक स्कूल बरामदपुर जरियारी, सरदार भगत सिंह जूनियर हाईस्कूल फतेहपुर मोहिबपुर, पं. राम अवध स्मारक इंटर कॉलेज मसेना मिर्जापुर, जय बजरंग इंटर कॉलेज रामनगर, रामपाल स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमादरवेशपुर, जय अंबे जयराजी देवी बालिका इंटर कॉलेज दौलताबाद, पं. राम अवध बाल विद्या मंदिर मसेना मिर्जापुर और जय बजरंग साइंस एकेडमी रामनगर शामिल हैं।

