बुलंदशहर पुलिस ने बदमाश के पैर में मारी गोली
बुलंदशहर में बीती रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। थाना सलेमपुर पुलिस रात करीब 2 बजे खेरपुर बम्बे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा।
पीछा करने पर कुछ दूर एक तिराहे पर बदमाश की बाइक फिसल गई। घिर जाने पर उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान सम्राट उर्फ नीरज के रूप में हुई, जो अनूपशहर थाना क्षेत्र के पचदेवरा का रहने वाला है।
सीओ शिकारपुर शिव ठाकुर के अनुसार, यह शातिर लुटेरा 4 जुलाई 2024 को भी थाना सलेमपुर पुलिस से मुठभेड़ के दौरान फायरिंग करते हुए फरार हो गया था। इस घटना का मुकदमा थाना सलेमपुर में दर्ज है। बदमाश की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके पास से अवैध हथियार, कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है।