नोएडा में तकनीकी खामी के कारण CUET परीक्षा रद्द
नोएडा सेक्टर-64 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र में शनिवार को आयोजित सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा तकनीकी खामी के कारण रद्द कर दी गई। सुबह से परीक्षा देने पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद परीक्षा शुरू नहीं हो सकी।
परीक्षा रद्द होने की घोषणा के बाद छात्रों ने केंद्र के बाहर एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। छात्रों ने आरोप लगाया कि वे सुबह नौ बजे की परीक्षा के लिए निर्धारित समय पर केंद्र पहुंच गए थे।
लंबी कतारों के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिला, लेकिन वहां भी अव्यवस्थाएं थीं। अभ्यर्थियों के मुताबिक, उन्हें एक से दो घंटे तक परीक्षा शुरू होने का इंतजार करना पड़ा। कई कमरों में पंखे भी नहीं चल रहे थे, जिससे भीषण गर्मी में छात्रों को परेशानी हुई। प्रदर्शन में शामिल एक छात्र अनुज ने बताया कि उनके भाई की परीक्षा सुबह 9 बजे से थी। अनुज उन्हें सुबह 6:30 बजे केंद्र छोड़कर गए थे और दस बजे लेने पहुंचे, लेकिन तब तक कोई छात्र बाहर नहीं आया था।
केंद्र के अंदर से लगातार तकनीकी कारणों से परीक्षा शुरू न होने की घोषणा की जा रही थी। अनुज के अनुसार, एक छात्र ने बताया कि दो घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद परीक्षा शुरू नहीं हुई और छात्रों को बाहर निकलने की अनुमति भी नहीं दी जा रही थी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे कई महीनों से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। यह परीक्षा 12वीं के बाद देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। परीक्षा रद्द होने से उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

