News

बुलंदशहर : रामलीला के दौरान नोट बांटते दिखे भाजपा नेता

बुलंदशहर के पहासू कस्बे में रामलीला के मंच का इस्तेमाल राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए किए जाने का आरोप लग रहा है। बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का टिकट मांग रहे नेता देवेंद्र भारद्वाज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है जिसमें वह रामलीला के दौरान दर्शकों को नोट थमाते हुए नजर आ रहे हैं। ​वीडियो में साफतौर पर देखा जा सकता है कि पहासू कस्बे में आयोजित रामलीला कार्यक्रम के दौरान देवेंद्र भारद्वाज ने भीड़ को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए खुलेआम पैसे बांटे। धार्मिक आयोजन जैसे पवित्र मंच को चुनावी अखाड़े में तब्दील करने की इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि जहां एक तरफ रामलीला मर्यादा, आदर्श और धार्मिक आस्था का प्रतीक होती है, वहीं राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते इस तरह के आयोजनों को भुनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच करने में जुट गया है। शुरुआती जानकारियों के आधार पर अधिकारी वायरल क्लिप के जरिए मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हैं।

​सवाल यह उठ रहा है कि आखिर राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक आयोजनों का इस तरह इस्तेमाल करने की अनुमति किसी को कैसे दी जा सकती है? जनता के बीच चर्चा है कि टिकट पाने की होड़ में नेता किस हद तक गिर सकते हैं। बहरहाल, वीडियो के सामने आने के बाद विपक्षी दल के नेताओं और आम जनता में नाराजगी है। घटना में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

इस बाबत जब भाजपा नेता देवेंद्र भारद्वाज से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई पैसे नहीं बांटे, बल्कि रामनवमी पर कन्याओं को उपहार स्वरुप भेंट की है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *