Dailynews

नोएडा-गाजियाबाद में धूलभरी आंधी, 16 शहरों में बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसून का इंतजार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के बॉर्डर पर पहुंचकर मानसून अटक गया है। इससे गर्मी बढ़ गई है। उमस से लोगों का हाल बेहाल है। मंगलवार को ज्यादातर शहरों में तेज धूप है। भीषण गर्मी और उमस हो रही है। हालांकि, दोपहर बाद नोएडा-गाजियाबाद और मेरठ में मौसम बदल गया। धूलभरी आंधी चलने लगी। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी./घंटा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यूपी में मानसून की एंट्री में 3-4 दिन का समय लग सकता है। आमतौर पर 20 जून तक मानसून यूपी में एंट्री कर लेता है। लेकिन, इस बार यूपी-बिहार बॉर्डर पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ पा रहा है। पिछले 15 दिनों से यह महराजगंज के पास रुका है। 24 घंटे में इसके आगे बढ़ने और 26-27 जून तक पूरे यूपी पहुंचने के आसार हैं।

मंगलवार को 16 शहरों में बारिश और 38 शहरों में हीटवेव का अलर्ट है। पिछले 24 घंटे की बात करें, तो प्रयागराज (43.3°C) देश में सबसे गर्म शहर रहा। गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, मऊ, गाजीपुर और बलिया में बारिश हुई। बस्ती में आंधी-बारिश की वजह से पेड़-पोल उखड़ गए। एक पेड़ उखड़कर कार पर गिर गया। सड़क पर यूनिपोल गिरने से भारी ट्रैफिक जाम लग गया।

यूपी में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए

  • 24 जून: पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी में लू चलेगी।
  • 25 जून: पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहेगा। गर्मी बढ़ेगी। लू चलेगी।
  • 26 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी होगी।
  • 27 जून: पश्चिमी यूपी में गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। पूर्वी यूपी में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
  • 28 जून: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं।
Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *