बरेली सेंट्रल जेल से कुख्यात आरोपी फरार
बरेली: उत्तर प्रदेश के जिला बरेली में सेंट्रल जेल प्रशासन की लापरवाही खुद पर भारी पड़ गई है, जहां बिजनौर जिला कारागार से ट्रांसफर हुआ खूंखार कैदी सेंट्रल जेल बरेली से फरार हो गया है. सेंट्रल जेल के अधिकारी सुबह से लेकर कई घंटे तक पूरे मामले पर पर्दा डाले रहे और करीब आधा दिन बीतने के बाद जब मामला उजागर हुआ तो पुलिस में शिकायत की गई.
बताया जा रहा है कि इस खूंखार कैदी को अधिकारियों की कोठी पर सेंट्रल जेल से निकालकर कामकाज करने भेजा जाता था. फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर फरार कैदी की तलाश कर रही है. खास बात यह है कि 1 साल के भीतर दो कैदियों के फरार होने से सेंट्रल जेल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं.
उम्र कैद काट रहा था आरोपी
कैदी दिनेश बिजनौर जिला कारागार में उम्र कैद काट रहा था. चर्चा है कि कैदी दिनेश का बिजनौर जिला कारागार में बड़ा आतंक था, इस वजह से दिनेश को बिजनौर जिला कारागार से सेंट्रल जेल बरेली भेज दिया गया, लेकिन बरेली के सेंट्रल जेल प्रशासन ने उसे जेल में रखने की बजाय आराम तलबी देना शुरू कर दी और उसे सुबह सेंट्रल जेल से निकालकर अधिकारियों की कोठियो में सेवा करने ने भेज दिया जाता था. सेंट्रल जेल बरेली से कैदी के फरार होने की कोई पहली घटना नहीं है एक साल के भीतर दो कैदियों के फरार होने की घटना ने सेंट्रल जेल प्रशासन बरेली की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया है. बताया जा रहा है कि जिस आरोप में दिनेश को उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी, दिनेश ने पीड़ित परिवार को सजा सुनाये जाने के बाद अंजाम भुगतने की भी धमकी दी थी. ऐसे में उम्र कैद की सजा भुगतने वाला खूंखार कैदी फरार हो चुका है और अब अगर वह कोई बड़ी वारदात को अंजाम देता है, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा?

