यूपी के 6 शहरों में आंधी-बारिश, पेड़-पोल उखड़े
यूपी में मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। भीषण गर्मी के बीच सोमवार दोपहर को अचानक मौसम बदल गया। गोरखपुर, बस्ती, मऊ, गाजीपुर और बलिया में झमाझम बारिश हुई। बस्ती में आंधी-बारिश की वजह से पेड़-पोल उखड़ गए। एक पेड़ उखड़कर कार पर गिरा। उसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर यूनिपोल गिरने से भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में आंधी के साथ बारिश हुई। गाजीपुर में सुबह से कई बार तेज हवा के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई। बलिया में भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया। मऊ में भी 10 मिनट तक हल्की बारिश हुई। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
इसके अलावा, ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। गर्म हवाएं चल रही है। बादलों की आवाजाही की वजह से उमस बढ़ गई है। 38 जिलों में हीटवेव (लू) चल रही है। 5 जिलों मऊ, चंदौली, बलिया, गाजीपुर और सोनभद्र में बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग का कहना है कि आमतौर पर 20 जून तक मानसून यूपी में एंट्री कर लेता है। लेकिन, इस बार मानसून यूपी-बिहार बॉर्डर पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ पा रहा है। पिछले 10-12 दिनों से यह महराजगंज के पास रुका है। 23 जून से इसके आगे बढ़ने और 25 जून तक यूपी में पहुंचने की संभावना है। तब तक पूर्वी यूपी और बुंदेलखंड में गर्मी और लू परेशान करेगी।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा 42.6°C, प्रयागराज 42.5°C और वाराणसी 42.4°C तापमान के साथ यूपी में सबसे गर्म रहे। कानपुर नगर में पारा 42.3°C और बहराइच में 42°C दर्ज किया गया।
यूपी में अगले 6 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए
- 23 जून: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। पूर्वी यूपी में हीटवेव परेशानी बढ़ाएगी।
- 24 जून: पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी में लू चलेगी।
- 25 जून: पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहेगा। गर्मी बढ़ेगी। लू चलेगी।
- 26 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी होगी।
- 27 जून: पश्चिमी यूपी में गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। पूर्वी यूपी में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
- 28 जून: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं।

