यूपी में 2 दिन बारिश का अलर्ट, सर्दी और बढ़ेगी
पहाड़ों पर बर्फबारी से यूपी में ठंड बढ़ गई है। पारा 15°C से नीचे आ गया है। शनिवार सुबह लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, उन्नाव और संभल समेत 25 शहरों में भीषण कोहरा छाया रहा।
लखनऊ में तड़के 6 बजे विजिबिलिटी इतनी कम रही कि सड़कों पर 20 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया। उन्राव में सुबह 8 बजे भी विजिबिलिटी 10 मीटर रही। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
इधर, मौसम विभाग ने अगले 2 दिन पश्चिम यूपी में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलेगा। तापमान 2°C से 5°C तक लुढ़क सकता है।
बड़े शहरों का हाल जानिए-
- लखनऊ: सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ आसमान में हल्की धुंध छा गई। हवा की गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 250 दर्ज किया गया।
- वाराणसी: सुबह से मौसम साफ है। हल्की धुंध दिखाई दे रही है। ठंडी हवाओं की वजह से ठंड का एहसास हो रहा है। धूप बेअसर है। दिन का तापमान 35 डिग्री से नीचे आ गया है।
- कानपुर: सुबह के समय सर्द हवाएं ठंडक का एहसास करा रही हैं। धुंध भी छाई हुई है। AQI 250 के पार है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास होगा, जबकि सुबह और रात के ठंड महसूस होगी।
- प्रयागराज: सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। अगले तीन दिन कोहरे का अलर्ट है।
कानपुर चिड़ियाघर में वन्यजीवों के खानपान में बदलाव कर दिया गया। ठंड से बचाव और शरीर को पर्याप्त हीट देने के लिए पक्षियों से लेकर शाकाहारी और मांसाहारी जानवरों की डाइट बदल दी गई है।
पक्षियों को रोजाना उबला अंडा दिया जा रहा है। भालू की खुराक में शहद शामिल किया गया है। शेर और बाघ को रोजाना 9 किलो तक मीट दिया जा रहा है। हिरन, जेब्रा और बारासिंघा को गुड़ और चना खिलाया जा रहा है। नोएडा और गाजियाबाद में वायु प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। गाजियाबाद डीएम रविंद्र कुमार ने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए 20 नवंबर तक निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्यों पर रोक लगा दी है।
वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 5वीं कक्षा तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत बच्चों को स्कूल जाकर पढ़ने के साथ ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प भी मिलेगा।

