यूपी में थार डूबी, हाईवे की बाउंड्री धंसी
यूपी में मानसून जमकर बरस रहा है। पश्चिमी यूपी में नदियां उफना गई हैं। कई जगहों पर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। शुक्रवार देर रात 12.30 बजे लखनऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या समेत 10 शहरों में तेज बारिश हुई। शनिवार तड़के तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही।
बाकी शहरों में बादल छाए हैं। कहीं-कहीं धूप निकली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए सभी 75 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। 13 शहरों में भारी बारिश का ऑरेंज और 27 शहरों में यलो अलर्ट है।
बिजनौर में गंगा और उसकी सहायक मालन नदी उफान पर है। पुल पर पानी आने से मेरठ-बिजनौर हाईवे, हरिद्वार रोड समेत कई रूट पर यातायात बंद कर दिया गया है। हापुड़ में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में पानी भर गया। थार कार डूब गई। जेसीबी से खींचकर बाहर निकाला।
मेरठ में नेशनल हाईवे की बाउंड्री वॉल धंस गई। रेलवे अंडरपास में जलभराव होने से कार डूब गई। कार सवार दो युवक फंस गए। पुलिस ने रस्सी से खींचकर दोनों को निकाला। प्रदेश में 3 दिन में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 4 मौतें गाजियाबाद में हुई हैं। सीएम योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरकर पीड़ितों को तुरंत मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है।
बिजनौर में 4 लड़के बहे, मुजफ्फरनगर में नहर टूटी
इससे पहले, भारी बारिश की वजह से शुक्रवार शाम 4 बजे बिजनौर में 2 हादसों में चार लड़के नदी के तेज बहाव में बह गए। एक को बचाया गया है, बाकी की तलाश जारी है। सहारनपुर में कब्रिस्तान की मिट्टी बह गई। कब्रों में दफन शव बहकर बाहर आ गए। मुजफ्फरनगर में नहर ओवरफ्लो होकर टूट गई।
24 घंटे में मेरठ के मवाना में सबसे ज्यादा बारिश
यूपी में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 315 मिमी बारिश मेरठ के मवाना में रिकॉर्ड की गई। इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
भारी बारिश के बीच कानपुर के कल्याणपुर में शुक्रवार देर रात जीटी रोड पर अजगर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर सड़क पार कर रहा था। अचानक लोगों की नजर उस पर पड़ी। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।

