उन्नाव : महिला टीचर ने स्कूल में खाया जहर, बोली- मेरी मौत का जिम्मेदार शिक्षामित्र
उन्नाव में गुरुवार दोपहर स्कूल में वीडियो बनाने के बाद महिला शिक्षामित्र ने जहर खाकर सुसाइड की कोशिश की। वीडियो में उन्होंने नाम लेकर स्कूल के एक शिक्षामित्र पर परेशान करने का आरोप लगाया है। कहा- मेरी मौत का जिम्मेदार यही इंसान होगा। इसने बहुत परेशान कर रखा है। जीना दुश्वार कर रखा है। यह खुदकुशी नहीं, बल्कि मर्डर है।
स्कूल वालों ने गंभीर हालत में महिला शिक्षामित्र को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला अचलगंज थाना इलाके का है।
सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बदरका प्रथम में नाजिया सुल्तान (40) 9 साल से शिक्षामित्र हैं। नाजिया की अभी शादी नहीं हुई है। उनके पिता खान साहब बिजली विभाग से जेई पद से रिटायर्ड हैं। भाई फराज खान अधिवक्ता और फैजान खान इंजीनियर है।
उन्होंने गुरुवार दोपहर एक वीडियो बनाया। इसके बाद स्कूल परिसर में ही जहर खा लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर विद्यालय स्टाफ उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अचलगंज पहुंचाया। परिजनों को सूचना दी गई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें एक निजी नर्सिंग होम ले गए। यहां उनका चल रहा है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। नाजिया सुल्तान और घर वालों से मामले की जानकारी ली। नाजिया का स्कूल के शिक्षामित्र से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अचलगंज थाना के कार्यवाहक प्रभारी विनय यादव ने बताया- अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीचर ने कहा, मैं नाजिया सुल्तान अपने पूरे होशो-हवास में खुदकुशी कर रही हूं। इसके जिम्मेदार पुष्कर बाजपेयी हैं। इन्होंने मुझे बहुत ज्यादा परेशान कर रखा है। दो-ढाई साल हो गए, छह-आठ महीने से तो मेरी जिंदगी दुश्वार कर दी है इस इंसान ने। हम थक गए हैं पुष्कर बाजपेयी से। इतनी बार मेरे मन में आया खुदकुशी कर लूं… कितनी बार। सिर्फ अपने घरवालों को सोच-सोच के रह जाते हैं।
अब बर्दाश्त नहीं हो रहा है। तुम तो समायोजन के लिए इसीलिए खुश थे, लेकिन उसमें भी तो चैन नहीं है ना इनको। बस यही मेरा वीडियो है, हम कुछ भी नहीं कह पाएंगे, कुछ भी नहीं समझ पाएंगे। बस खुदकुशी नहीं है, मर्डर है, जो पुष्कर बाजपेयी मेरा मर्डर कर रहे हैं।

