Live News

आप सांसद संजय सिंह तिहाड़ जेल से सुल्तानपुर लाए गए, MP/MLA कोर्ट में डेरा डालो-घेरा डालो मामले में पेशी

सुलतानपुर, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह बुधवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल से सुल्तानपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पहुंचते ही उन्होंने हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। इसके बाद MP/MLA कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश यादव के सामने बयान दर्ज कराया। अब मामले में अगली सुनवाई 14 फरवरी को होगी।

दरअसल, 23 अक्टूबर 2008 को सुल्तानपुर में सपा ने बसपा के खिलाफ डेरा डालो-घेरा डालो प्रदर्शन किया था। इस मामले में पुलिस ने 98 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। संजय सिंह भी इस मामले में आरोपी हैं।

दिल्ली शराब घोटाले में आप सांसद संजय सिंह तिहाड़ जेल में बंद हैं। दिल्ली पुलिस के 6 कर्मचारी संजय सिंह को सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन से लेकर सुल्तानपुर पहुंचे। सुबह 5:45 पर जैसे ही ट्रेन सुल्तानपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रुकी आप पदाधिकारी और कार्यकर्ता संजय सिंह जिंदाबाद, संजय तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं, ED मुर्दाबाद के नारे लगाए।

इस बीच संजय सिंह पुलिस के सख्त पहरे में थे। कोतवाली नगर पुलिस के साथ GRP- RPF ने सुरक्षा घेरा बढ़ाया। टोपी और झंडा लिए कार्यकर्ताओं को प्लेटफार्म से हटाया।

पुलिसकर्मी संजय सिंह को पहले स्टेशन से RPF दफ्तर लेकर गए। यहां से 15 मिनट के बाद उन्हें स्टेशन पर बने अधिकारी विश्राम गृह में जाकर रखा। यहां भी बाहर सुरक्षा का सख्त पहरा था। करीब 10:30 बजे संजय सिंह को यहां से निकाला गया और ब्रज वाहन से दीवानी कोर्ट ले जाया गया। आगे-आगे स्कॉट, फिर सीओ सिटी शिवम मिश्रा की गाड़ी और अंत में ब्रज वाहन ने 11:15 बजे सीधे दीवानी के अंदर इंट्री किया। यहां सैकड़ों की संख्या में आप कार्यकर्ता मौजूद थे। जिन्होंने यहां भी नारेबाजी की। कई थानों की फोर्स भी कोर्ट पर लगाई गई थी।

करीब 11:30 बजे संजय सिंह MP/MLA कोर्ट में पेश किए गए। विशेष लोक अभियोजक कालिका प्रसाद ने बताया कि कड़ी सुरक्षा में सांसद संजय सिंह वकील मदन सिंह के साथ कोर्ट आए। उनका बयान 313 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत लिखा गया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *