होमगार्ड भर्ती में वसूली, 2 डॉक्टर समेत 3 हिरासत में
कानपुर में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल टेस्ट में वसूली को लेकर गुरुवार देर शाम जमकर हंगामा हुआ। अभ्यर्थियों ने मेडिकल में अनफिट करने का डर दिखाकर रुपए मांगने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस लाइन में एक डॉक्टर की कार में बैठे युवक अजीत को पीट दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की जांच में ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय के अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पैनल के दो डॉक्टरों समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, हंगामे के बाद दो युवक फरार बताए जा रहे हैं।
होमगार्ड की परीक्षा अप्रैल में कराई गई थी जबकि रिजल्ट 29 जून को जारी किया गया था। अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के बाद चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा। मेडिकल टेस्ट 15 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक चलेगा। कानपुर पुलिस लाइन में चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट 15 से 29 अक्टूबर तक कराया जा रहा है। पहले दिन 15 अक्टूबर को 200 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। मेडिकल परीक्षण के लिए सीएमओ की ओर से तीन सदस्यीय डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया था। इसमें डॉ. प्रवीण, डॉ. महेश द्विवेदी और डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत शामिल थे।
गुरुवार रात करीब आठ बजे अभ्यर्थियों ने डॉक्टरों पर धांधली का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि डॉक्टर नाक की हड्डी टेढ़ी होने या आंखों में समस्या बताकर मेडिकल में अनफिट करने की धमकी दे रहे थे। इसके बदले रुपए मांगे जा रहे थे।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, नाक टेढ़ी बताकर 10 से 15 हजार रुपए और आंखों में दिक्कत बताकर 50 हजार रुपए मांगे गए। आरोप है कि अभ्यर्थियों को एक पर्ची पर मोबाइल नंबर दिया गया और उस पर संपर्क कर रुपए देने को कहा गया।
कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की कार में मौजूद ड्राइवर अजीत को ऑनलाइन और नकद रुपए दिए गए थे। बताया जा रहा है कि अजीत, डॉ. महेश द्विवेदी के साथ रहता है।
जांच में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मिले, दो डॉक्टरों समेत तीन हिरासत में
हंगामे की सूचना पर एसीपी कोतवाली अमित पांडेय और एसीपी कर्नलगंज अंजना दहिया मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने जांच की तो ऑनलाइन खाते में रुपए ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। इसके बाद डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. महेश द्विवेदी और उनके ड्राइवर अजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय के अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार से बैग चोरी के आरोप में अभ्यर्थी को थप्पड़ मारने का आरोप
हंगामे की सूचना पर पहुंचे मीडियाकर्मियों को पहले पुलिस लाइन के अंदर जाने से रोका गया। बाद में कुछ मीडियाकर्मी अंदर पहुंचे और अभ्यर्थियों से बातचीत करने लगे। इस दौरान अभ्यर्थियों ने उन्हें एक कार दिखाई। उनका आरोप था कि कार में रखे कागज पर उन अभ्यर्थियों के नाम दर्ज थे, जो रुपए दे चुके थे।
सूचना पर एसीपी कोतवाली अमित पांडेय और कोतवाली थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ कार के पास पहुंचे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों पर कार से बैग चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि इसके बाद थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने एक अभ्यर्थी को थप्पड़ मार दिया और पूछताछ के लिए उसे अंदर ले गए।
41,424 पदों के लिए हुई थी भर्ती परीक्षा
यूपी होमगार्ड के 41,424 पदों के लिए लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को हुई थी। इसमें 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा का परिणाम 29 जून को जारी किया गया, जिसमें 1,07,221 अभ्यर्थी पास हुए। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षा के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है।

