Crime News

गोरखपुर में दरोगा को पीटने का VIDEO बनाकर यूट्यूबर फरार

गोरखपुर में दरोगा को जूते से पीटने का फेक वीडियो बनाने का आरोपी यूट्यूबर मोबाइल स्विच ऑफ करके फरार हो गया है। शाहपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वीडियो में दिख रहे दो युवकों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।

मुख्य आरोपी यूट्यूबर की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान राप्तीनगर फेज-1 निवासी प्रिन्स शर्मा और उत्तर टोला निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। गोरखपुर में रविवार को दरोगा को सड़क पर जूते से मारने का वीडियो सामने आया। इसमें वकील की ड्रेस में दिख रहा युवक बाइक सवार दरोगा को रोकता है। फिर बहस के बाद मारपीट करने लगता है। इसके बाद दरोगा भी युवक को पीटने लगता है।

पूरा मामला शाहपुर इलाके का बताया जा रहा। पुलिस ने वीडियो की जांच कराई तो मामला फर्जी निकला। पता चला वीडियो लाइक और व्यूज पाने की चक्कर में शूट किया गया। इसमें दरोगा और वकील दोनों ही फर्जी निकले। फर्जी दरोगा और वकील का वीडियो 2 मिनट 55 सेकेंड का है। इसमें एक काली सदरी, सफेद शर्ट पहने दिख रहा युवक सड़क किनारे खड़े फर्जी दरोगा के पास पहुंचता है। उसके साथ 2 लड़के और हैं। तीनों बाइक पर बैठे दरोगा को घेर लेते हैं।

युवक बोलता है कि मेरे पिता को थाने ले जाकर क्यों बैठाए थे। इस पर दरोगा कहता है कि जब तुम घर पर नहीं मिले तो पिता को ही उठाकर ले जाना पड़ा। इसके बाद युवक और दरोगा के बीच सड़क पर ही हाथापाई शुरू हो जाती है। युवक वर्दीधारी को जूते से पीटता है, गालियां देता है। कुछ लोग वहां आकर बीच बचाव भी करते हैं।

इस पर एक युवक कहता है कि सांसद जी को फोन करो और इनका ट्रांसफर कराओ। इस दौरान युवक कहता है कि वीडियो बन गया है। जो उखाड़ना हो उखाड़ लेना।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *