नोएडा में बुजुर्ग से 10 लाख की ठगी
नोएडा में साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश कर तीन गुना मुनाफा कमाने का लालच देकर एक बुजुर्ग से 10 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले छोटा निवेश कराकर उन्हें मुनाफा दिलाया और रकम बैंक खाते में ट्रांसफर कर विश्वास जीत लिया।
इसके बाद बुजुर्ग से 30 अक्टूबर तक आठ बार में 10 लाख रुपये निवेश करा लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो ठगों ने टैक्स के नाम पर और पैसे जमा करने को कहा।
रकम नहीं देने पर आरोपियों ने बातचीत बंद कर दी। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-75 निवासी पुष्पराज एक कंपनी के कार्यालय से सेवानिवृत्त हैं। उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने में रुचि है। पीड़ित के मुताबिक, 4 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने उनसे व्हाट्सएप पर संपर्क किया। उसने खुद को शेयर बाजार का एक्सपर्ट बताया और निवेश पर दो से तीन गुना तक मुनाफा दिलाने का दावा किया। पहले छोटा निवेश कराकर जीता भरोसा
ठग ने पुष्पराज का एक वेबसाइट पर पंजीकरण कराया। शुरुआत में उनसे कम रकम निवेश कराई गई। इसके बाद मुनाफे के नाम पर कुछ रकम उनके बैंक खाते में भी भेजी गई। इससे उन्हें ठगों पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे बड़ी रकम निवेश करने के लिए कहा।
आठ बार में ट्रांसफर कराए 10 लाख रुपये
पीड़ित ने 30 अक्टूबर तक आठ बार में कुल 10 लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने निवेश की रकम निकालने के लिए आवेदन किया। इस पर ठगों ने टैक्स के नाम पर और रकम जमा करने को कहा। आरोपियों ने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर उनका खाता फ्रीज कर दिया जाएगा। जब पुष्पराज ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया तो ठगों ने उनसे बातचीत बंद कर दी।
एनसीआरपी पोर्टल पर की शिकायत
पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ साइबर क्राइम थाने में भी शिकायत की। शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों के निवेश संबंधी दावों पर भरोसा कर उनके खातों में रकम ट्रांसफर न करें।

