जालौन में पार्षद के घर सिलेंडर ब्लास्ट, 23 झुलसे
जालौन के उरई में पार्षद के घर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में 23 लोग झुलस गए। इनमें 13 बच्चे, 5 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।
गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इनमें 5 मासूम बच्चों समेत 10 की हालत नाजुक बनी हुई है। ये सभी 20 से 60 फीसदी तक झुलसे हैं।
रविवार देर रात 12 बजे झांसी रेंज के आईजी आकाश कुलहरि मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
आईजी ने बताया- “पार्षद माता प्रसाद के घर गैस सिलेंडर लीक होने के बाद आग लग गई थी। इस दौरान बस्ती के कुछ बच्चे और महिलाएं आग देखने पहुंच गए, तभी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। 15 डॉक्टरों की टीम इलाज में लगी हुई है।”

