मायावती बोलीं- यूपी में ब्राह्मण असुरक्षित, सरकार कानून-व्यवस्था सुधारे
बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूपी मंत्रिमंडल पर कहा कि मंत्रियों की संख्या घटाना-बढ़ाना सत्ताधारी पार्टी का आंतरिक मामला है। इसकी आलोचना उचित नहीं, लेकिन सरकार को इसका सकारात्मक असर आमजन, खासकर गरीबों, मजदूरों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की सुरक्षा पर दिखाना चाहिए। नहीं तो, इसको राजनीतिक जुगाड़ और सरकारी संसाधन पर बढ़ा हुआ बोझ ही माना जाएगा।
बसपा प्रमुख मायावती ने हाल ही में राजधानी लखनऊ में भाजपा के युवा ब्राह्मण नेता पर हुए जानलेवा हमले का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस घटना से एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है कि यूपी में ब्राह्मण समाज उपेक्षित ही नहीं, बल्कि काफी असुरक्षित भी है।
मायावती ने जोर देकर कहा कि बीएसपी की सरकारों में समाज के हर वर्ग को न्याय और सुरक्षा मिली। ब्राह्मण समाज सहित सभी तबकों को ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत के तहत संरक्षण दिया गया। जान-माल और मजहब की सुरक्षा के साथ बेहतरीन कानून-व्यवस्था हमारी पहचान रही।

