बहराइच : दरोगा 5 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
बहराइच: एंटी करप्शन टीम ने रिसिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र चौहान को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी उपनिरीक्षक को थाना परिसर से ही पकड़ा।
यह मामला रिसिया थाने से जुड़ा है। ग्राम रमुआपुर निवासी शिकायतकर्ता राम हुकुम मौर्य के खिलाफ थाने में एक मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र चौहान इस मुकदमे में छेड़खानी की धारा न बढ़ाने और जेल न भेजने के लिए 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।
पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन देवीपाटन मंडल, गोंडा के ट्रैप टीम प्रभारी, निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। आज दोपहर करीब 2 बजकर 17 मिनट पर, जैसे ही दरोगा सुभाष चंद्र चौहान ने रिसिया थाने के अपने सरकारी कमरे में पीड़ित से 5,000 रुपये की रिश्वत ली, जाल बिछाकर बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
गोरखपुर के सहजनवां निवासी दरोगा सुभाष चंद्र चौहान को गिरफ्तार कर बहराइच के थाना कोतवाली देहात लाया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

