यूपी में 28 मई को बकरीद की छुट्टी, योगी सरकार ने बदली तारीख
यूपी में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की सरकारी छुट्टी अब 27 की बजाय 28 मई को रहेगी। योगी सरकार ने मंगलवार को इसके आदेश जारी कर दिए। इसके मुताबिक, अब 27 मई को सभी सरकारी दफ्तर और बैंक खुले रहेंगे, लेकिन 28 मई को बंद रहेंगे।
सामान्य प्रशासन के प्रमुख सचिव एसवीएस रंगा राव की तरफ से जारी संशोधित आदेश के अनुसार, चांद दिखने और पर्व की तिथि को देखते हुए छुट्टी की नई तारीख तय की गई है।
मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से सड़कों पर नमाज अदा न करने को कहा है, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई और एहतियात बरतने की भी अपील की। कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही करें और अवशेष खुले में न डालें।
शिया धार्मिक नेता मौलाना सैफ अब्बास ने कहा, बकरीद के दिन आपको कुर्बानी करनी चाहिए। हमारे देश के संविधान में जिन जानवरों की कुर्बानी करने की अनुमति दी गई है, उनकी ही कुर्बानी करनी चाहिए। हमें गाय की तरफ नजरें उठाकर भी नहीं देखना चाहिए क्योंकि हमारे हिंदू भाई उसकी पूजा करते हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति गाय की कुर्बानी देता है तो वो इस्लाम के खिलाफ काम करेगा। इस्लाम में कहा गया है कि दूसरे धर्मों का सम्मान करना चाहिए। गाय की कुर्बानी की कोई जरूरत नहीं है। 28 मई को ताजमहल में पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अधीक्षण पुरातत्वविद् के आदेश के मुताबिक, सुबह 7 बजे से 10 बजे तक स्मारक में सभी भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना टिकट प्रवेश कर सकेंगे। भारतीय पर्यटकों से 50 रुपए, जबकि विदेशी पर्यटकों से 1100 रुपए एंट्री फीस ली जाती है।
योगी ने कहा, नमाज पढ़नी है तो तय जगह पर पढ़िए। संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में पढ़ लीजिए। हम नमाज नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर अराजकता नहीं होने देंगे। सड़कें नमाज पढ़ने या किसी तरह की भीड़ जुटाने के लिए नहीं हैं।

