बुलंदशहर : ऑटो-ई-रिक्शा की टक्कर, 2 व्यापरियों की मौत
बुलंदशहर के सिकंदराबाद नेशनल हाईवे-34 पर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दो व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद रहागीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने बताया कि तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
सिंकदराबाद थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा में चार लोग सवार होकर सब्जी मंडी की तरफ जा रहे थे। वहीं एक ऑटो में सवार तीन लोग नवीन सब्जी मंडी से फल और सब्जी लेकर सिकंदराबाद अपनी दुकान लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों गाड़िया नेशनल हाइवे 34 पर आमने-सामने टकरा गईं। भीषण टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।
वहीं ऑटो में लदी सब्जी और फल करीब 3 मीटर तक सड़क पर फैल गई। हादसे में ऑटो में सवार फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी शबीर (55) पुत्र अलीशेर और मोहल्ला कुत्ते की कब्र निवासी बिन्नामी (70) पुत्र छिद्दा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ई-रिक्शा में सवार चार में से तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक ने कूदकर जान बचाई।
एक घंटे सड़क पर लगा जाम
एक घायल पुनीत पुत्र मोहन सैनी मोहल्ला पत्थरवाड़ा को सीएचसी में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। वहीं बाकी दो को निजी अस्पताल में ले जाया गया। हादसे के बाद सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। जिससे करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्तपाल में भर्ती कराया। दोनों गाड़ियों को सड़क से हटाकर रास्ता खुलवाया गया। साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
दोनों परिवारों में मचा कोहराम
मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बिन्नामी के परिवार में पत्नी राजवती(65) दो बच्चे मोनू(40) और बेटी डॉली (32) हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। बेटा मोनू पिता के साथ ही सब्जी की दुकान चलाता है। बिन्नामी की मौत की खबर सुनते ही पत्नी फफककर रो पड़ी। कई बार वह रोते-रोते बदहवास हो जाती।
वहीं, शबीर के परिवार में पत्नी एजाज खातिमा (50), बेटा अंश (29) और बेटी अलसिफ़ा (16) है। बेटा पिता के साथ ही फल की दुकान चलाने में मदद करता है। पिता की मौत की खबर सुन परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।

