बुलंदशहर : होटल खाना खाने जा रहे एक युवक को मारी गोली
बुलंदशहर के देहात कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने खाना खाने जा रहे एक युवक को बातचीत के बहाने एक होटल में ले जाकर गोली मार दी। युवक के कूल्हे में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना दोपहर करीब 2 बजे नहर के पास हुई। नगर क्षेत्र के राधा नगर निवासी प्रिंस गुप्ता उर्फ पुच्चन (पुत्र योगराज गुप्ता) नहर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। देहात कोतवाली के समीप पहुंचने पर दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपी प्रिंस को पास के एक ओयो (OYO) होटल में बातचीत के बहाने ले गए। होटल के अंदर पहले से मौजूद चार अन्य युवकों ने प्रिंस को घेर लिया और उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोली प्रिंस के कूल्हे में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत बाबू कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, गोली युवक के कूल्हे में फंसी हुई है और उसे निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कोतवाली के इतने करीब दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

