News

बुलंदशहर के ज्ञानेंद्र सिंह मलिक बने गुजरात के नए डीजीपी

गुजरात सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह मलिक को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। ज्ञानेंद्र सिंह मलिक बुलंदशहर के भट्टा पारसौल गांव के मूल निवासी हैं। जिले के चरौरा गांव के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं पीसीडीएफ के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद किरण सिंह के दामाद हैं।

1993 बैच के आईपीएस अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह मलिक इससे पहले अहमदाबाद पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। लंबे प्रशासनिक अनुभव, ईमानदार कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता के चलते उन्हें गुजरात पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ज्ञानेंद्र सिंह मलिक का विवाह 2 दिसंबर 1993 को चरौरा निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं पीसीडीएफ के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद किरण सिंह की पुत्री सविता सिंह से हुआ था। शिक्षा और सहकारिता क्षेत्र में सक्रिय रहे चंद किरण सिंह जिले में एक शिक्षाविद और समाजसेवी के रूप में पहचान रखते हैं।

मलिक का परिवार भी शिक्षा जगत से जुड़ा रहा है। उनके पिता चतर सिंह मलिक हरियाणा के तिगांव क्षेत्र में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता रहे और बाद में प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए। इस तरह नए डीजीपी के पिता और ससुर दोनों ही शिक्षा क्षेत्र के प्रतिष्ठित नाम रहे हैं।

मूल रूप से बुलंदशहर के भट्टा पारसौल गांव निवासी ज्ञानेंद्र सिंह मलिक की नियुक्ति पर चरौरा समेत आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बुलंदशहर जिले के लिए गौरव की बात है।

स्थानीय लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में गुजरात पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुखी बनेगी। वहीं, उनकी सफलता युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित होगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *