नोएडा में दिल्ली पुलिस का फर्जी सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार
सेक्टर-113 थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की फर्जी वर्दी पहनकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मथुरा निवासी 34 साल राहुल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनने का शौक था।
वह वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था और कई जगह खाना खाने के बाद पुलिसकर्मी होने का प्रभाव दिखाकर पैसे देने से बचता था। पुलिस ने आरोपी को 23 अगस्त को सेक्टर-117 नोएडा सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की एक जोड़ी वर्दी, दो दिल्ली पुलिस के बैज, चार स्टार, नेम प्लेट, लाल बेल्ट, पुलिस की टोपी और अन्य सामान बरामद हुआ है।
7 दिल्ली पुलिस के आईकार्ड भी मिले पुलिस को आरोपी के पास से दिल्ली पुलिस के सात आईकार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, सात एटीएम/क्रेडिट कार्ड, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मेट्रो कार्ड और आईफोन 17 प्रो भी मिला है। पुलिस इन दस्तावेजों के इस्तेमाल और उनके स्रोत की भी जांच कर रही है।
कार पर भी पुलिस के निशान और स्टीकर आरोपी के पास से आई-20 कार (नंबर DL 8CAE 9608) भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार कार के आगे और पीछे पुलिस से संबंधित निशान और स्टीकर लगे हुए थे। वर्दी और पुलिस के निशान वाली कार के जरिए आरोपी लोगों पर पुलिसकर्मी होने का प्रभाव डालता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में बीएनएस की धाराओं 204, 205, 337, 336(3) और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने फर्जी पुलिस पहचान का इस्तेमाल कब से और किन-किन जगहों पर किया।

