Dailynews

नोएडा में पांच लोगों से 56 लाख की ठगी

साइबर ठगों ने गिफ्ट वाउचर खरीदवाने, बिजनेस फंडिंग दिलाने, ट्रेडिंग में निवेश कराने और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए लोगों से ठगी की। साइबर क्राइम थाने में दर्ज 5 शिकायतों में करीब 56.60 लाख रुपए की धोखाधड़ी सामने आई है। पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CEO बनकर 5 लाख रुपए ठगे

47 साल के अनुभव गुप्ता ने शिकायत की कि 2 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने कंपनी का CEO बनकर वाट्सऐप पर संपर्क किया। उसने क्लाइंट कॉल के लिए डिजिटल गिफ्ट वाउचर खरीदने को कहा। इसके बाद अनुभव से अमेजन के जरिए स्टीम वॉलेट के वाउचर खरीदवाए गए। वाउचर के कोड ईमेल पर भेजने को कहा गया। इस तरह उनसे कुल 5 लाख रुपए की ठगी की गई।

बिजनेस फंडिंग के नाम पर 14.25 लाख की ठगी

18 साल की दीप्ति नायर नेगी ने शिकायत में बताया कि 4 जुलाई 2026 को चेन्नई की एक कंपनी ने 10 करोड़ रुपए की बिजनेस फंडिंग दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए पहले 14 लाख रुपए और फिर 25 हजार रुपए एक निजी खाते में जमा कराए गए। दो सप्ताह में रकम कंपनी के खाते में आने की बात कही गई, लेकिन बाद में आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया।

ट्रेडिंग के नाम पर भी ठगी

24 साल के कुलदीप चेची ने शिकायत में बताया कि उन्हें ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर पैसा निवेश कराया गया। बाद में रकम वापस नहीं की गई और उनका खाता भी नहीं खुल रहा था। इस मामले से जुड़ी दो शिकायतों में 6 लाख 76 हजार 2 रुपए और 7 लाख 92 हजार रुपए की धोखाधड़ी का जिक्र है।

इंटरनेट बैंकिंग से खाते से निकाले 9.67 लाख

32 साल के अभिषेक ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को उनके HDFC बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए 9 लाख 67 हजार 257 रुपए की धोखाधड़ी हुई। उन्होंने रकम वापस दिलाने और कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, रिंकू सिंह ने शिकायत में बताया कि 2 जून 2025 को उनके साथ ऑनलाइन ठगी हुई थी। इसमें उन्हें 13 लाख रुपए का नुकसान हुआ।

पुलिस का कहना है कि सभी शिकायतों की जांच की जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *