लखनऊ : सड़क पर गिरकर तड़पने लगा बुजुर्ग, सिपाही ने काफी देर तक CPR दिया
लखनऊ के महानगर में रविवार दोपहर एक बुजुर्ग सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। वह सब्जी लेकर लौट रहे थे। उनके हाथ से सब्जियां गिर गईं। तड़प रहे बुजुर्ग को देखते ही लोग वहां पहुंचे। यूपी पुलिस के एक सिपाही ने बुजुर्ग को CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। काफी देर बाद जब बुजुर्ग को हल्की राहत मिली तो एंबुलेंस बुलाई।
घटना महानगर चौराहे के पास 12 बजे की है। करीब 60 साल के अनिल पत्नी के साथ सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। उसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा और वह गिर पड़े। रहीमनगर चौकी पर तैनात सिपाही संदीप यादव ने यह घटना देखी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को तत्काल CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी लोग अलग-अलग तरीके से मदद करने में जुट गए। कोई पानी लाकर बुजुर्ग के मुंह पर छिड़कता तो कोई व्यक्ति दवा लेकर पहुंचा। बताया जा रहा है सिपाही व लोगों की तत्परता से मौके पर बुजुर्ग को प्राथमिक इलाज मिल गया। अब उन्हें अस्पताल भेजा गया है।

