गाजियाबाद : सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, 3 घंटे में 645 लोग गिरफ्तार
गाजियाबाद पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन – शहर, देहात और ट्रांस हिंडन में यह अभियान चलाया गया।
तीन घंटे के इस अभियान में कुल 645 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को थाने लाया गया और मेडिकल जांच के बाद 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। इस अभियान में सभी एसीपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी शामिल रहे।
शहर जोन के डीसीपी राजेश कुमार के अनुसार, उनके क्षेत्र में 291 लोगों को पकड़ा गया। इनमें कोतवाली नगर से 57, विजयनगर से 56, सिहानी गेट से 32, नंदग्राम से 51, कवि नगर से 38 और मधुबन बापूधाम से 57 लोग शामिल हैं।
ट्रांस हिंडन जोन में डीसीपी निमिष पाटिल के नेतृत्व में 139 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें इंदिरापुरम से 37, कौशांबी से 14, खोड़ा से 19, साहिबाबाद से 23, लिंक रोड से 16, शालीमार गार्डन से 15 और टीला मोड़ से 20 लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पिछले एक महीने से यह अभियान चल रहा है। लोगों की शिकायत थी कि सड़कों पर खुलेआम शराब पीने से आम नागरिकों को परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।
डीसीपी रुरल सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया इसी तरीके से इस 3 घंटे के अभियान में देहात जोन में पुलिस ने 215 लोगों को पकड़ा। जिसमें से थाना लोनी में 43 ट्रोनिका सिटी में 27 अंकुर विहार में 12 लोनी बॉर्डर में 07 मसूरी में 23 मुरादनगर में 23 मोदीनगर में 09 निवाड़ी में 15 भोजपुर में 10 वेव सिटी में 10 क्रॉसिंग रिपब्लिक में 36 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।