Crime News

ग्रेटर नोएडा : बेटी को गोद में लेकर 16वीं मंजिल से कूदी महिला, मां-बेटी की मौके पर मौत

Share News
5 / 100

ग्रेटर नोएडा में एक महिला ने 6 महीने की बेटी के साथ सुसाइड कर लिया। वह अपार्टमेंट की 16वीं मंजिल से बेटी को गोद में लेकर कूद गई। मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। एक दिन पहले महिला ने बेटे का बर्थडे मनाया था। पति अमेरिका में नौकरी करता है। महिला अपने भाई और मां के साथ लॉ रेजिडेंसिया सोसाइटी में रहती थी।

पुलिस ने बताया कि महिला की शिनाख्त सारिका (33) के तौर पर हुई है। वह भाई-मां के साथ टॉवर-2 की 16 वीं मंजिल में रहती थी। महिला का एक 4 साल का बेटा और है। घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। महिला अपने कमरे से उठी और बालकनी से नीचे कूद गई।

दोनों के नीचे गिरने की आवाज आई तो सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे। परिवार को जानकारी दी। मां-बेटी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बिसरख थाना पुलिस को जानकारी दी गई।

सारिका के भाई ने पुलिस को बताया कि वह कुछ दिन पहले ही यहां रहने आई थी। एक दिन पहले ही 4 साल के बड़े बेटे का जन्मदिन मनाया गया था। इसमें सारिका के ससुराल वाले भी शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि बहन मानसिक तौर पर परेशान थी। वह डिप्रेशन में थी।

कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि परिजन और सोसाइटी में पूछताछ की गई। पता चला कि महिला डिप्रेशन में थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि इसी से परेशान होकर खुदकुशी की है। अपार्टमेंट के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। सोसायटी के सिक्योरिटी इंचार्ज विजेंदर कुमार ने बताया कि रात को आवाज आई। हमारी टीम मौके पर पहुंची तो वहां बच्ची और महिला के शव पार्क में पड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *