Crime News

धर्म नहीं बदला तो नर्स को मार डाला,  सूफियान कहता था, पति को छोड़ो, मुझसे निकाह करो

सूफियान बहन अंजलि को ब्लैकमेल कर रहा था। वह उस पर धर्मांतरण कर शादी का दबाव बना रहा था। मैंने अंजलि के मोबाइल में सूफियान का मैसेज पढ़ा था। उसमें लिखा था कि तुम अपने पति और बच्चे को छोड़कर धर्म बदल लो, मेरे साथ निकाह कर लो। बहन ने मना किया तो उसने हत्या कर दी।

ये बातें 25 साल की नर्स अंजलि शर्मा की बहन नेहा ने बताईं, जिसकी 21 मई को वार्ड बॉय सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद साजिदा ने ई-रिक्शा बुक किया। शव लादकर मेडिकल कॉलेज पहुंची और इमरजेंसी गेट के बाहर फेंककर फरार हो गई।

पुलिस ने CCTV चेक किया तो साजिदा ई-रिक्शा पर हेलमेट लगाकर बैठी दिखी। पुलिस ने उसी दिन उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की है। फिलहाल, सूफियान अभी फरार है। जागृति विहार सेक्टर-3 में रहने वाली अंजलि लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स थी। उसकी शादी 2018 में मेडिकल के सेक्टर-8 निवासी सनी के साथ हुई थी। दोनों का पांच साल का एक बेटा भी है। एक साल से उसका पति से झगड़ा चल रहा था। तलाक का केस भी कोर्ट में चल रहा है।

अंजलि एक साल से भाई प्रदीप के पास रह रही थी। मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी के दौरान अंजलि की मुलाकात लिसाड़ी गेट निवासी सूफियान से हुई। दोनों का अफेयर शुरू हो गया। घरवालों के मुताबिक, सूफियान अंजलि पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन अंजलि ने मना कर दिया।

आरोपी साजिदा के मुताबिक, 21 मई को अंजलि लोहियानगर पहुंची थी। यहां शादी को लेकर सूफियान का उससे विवाद हो गया। इसके बाद मैं भी अपने भाई के साथ उससे झगड़ने लगी। फिर हम दोनों ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को ई-रिक्शा से ले जाकर मेडिकल कॉलेज के बाहर फेंक दिया।

इधर, अस्पताल प्रशासन ने पुलिस और अंजलि के भाई प्रदीप को सूचना दी। जानकारी मिलने पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचे। अस्पताल परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले गए, जिनमें आरोपी साजिदा ई-रिक्शा पर नजर आई। पुलिस ने डेढ़ घंटे में आरोपी साजिदा और उसकी मां को उनके घर से पकड़ लिया।

अंजलि के भाई प्रदीप का कहना है कि सूफियान और साजिदा काफी समय से उनकी बहन को परेशान कर रहे थे। उस पर धर्म बदलने का दबाव बना रहे थे। सोची-समझी साजिश के तहत आरोपियों ने पहले अंजलि का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर दी।

बहन नेहा ने बताया- मैंने अंजलि से पूछा था कि क्या वह सूफियान से शादी करना चाहती है, तो उसने कहा था कि बस हमारी दोस्ती है, इससे ज्यादा कुछ नहीं। हत्या से दो दिन पहले, यानी 19 मई को वह अंजलि से मिली थीं।

उनकी सास को चोट लगी थी, इसलिए अंजलि उन्हें देखने के लिए उनके घर आई थी। 21 मई को उन्हें उसकी हत्या की जानकारी मिली। वह आनन-फानन में मौके पर पहुंचीं। बहन के गले पर निशान थे। उसके हाथों और पैरों पर भी घसीटने और मारपीट के निशान थे। आरोपी साजिदा ने बताया कि सूफियान ने स्थायी नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर अंजलि से 5 लाख रुपये ठग लिए थे। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि धर्मांतरण कराने जैसी बात अभी तक जांच में सामने नहीं आई है। हालांकि कुछ व्हाट्सऐप चैट मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *