नीट यूजी में बड़ा बदलाव, अब 195 मिनट की होगी परीक्षा
नई दिल्ली (NEET UG 2026 Exam). मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 में शामिल होने जा रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर आई है. एनटीए ने इस साल नीट यूजी को ज्यादा स्टूडेंट-फ्रेंडली, पारदर्शी और तनावमुक्त बनाने के लिए कुछ जरूरी बदलाव किए हैं. 21 जून 2026 को होने वाली परीक्षा अब पुराने ढर्रे पर नहीं, बल्कि नए और बदले हुए नियमों के साथ होगी. एनटीए के इस फैसले से उन स्टूडेंट्स को बहुत फायदा मिलेगा, जो परीक्षा हॉल में समय की कमी के चक्कर में पैनिक कर जाते थे.
नीट यूजी उम्मीदवार अक्सर शिकायत करते थे कि परीक्षा के दौरान जब इनविजिलेटर अटेंडेंस शीट पर दस्तखत करवाने, बायोमेट्रिक जांच करने या अन्य कागजी कार्रवाई के लिए आते हैं तो उनके कीमती मिनट बर्बाद हो जाते हैं. इसी परेशानी और अभ्यर्थियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए एनटीए ने नीट यूजी की कुल अवधि को बढ़ाकर 195 मिनट (3 घंटे 15 मिनट) कर दिया है. इतना ही नहीं, फिजिक्स और केमिस्ट्री के लंबे-चौड़े कैलकुलेशन के लिए प्रश्नपत्र बुकलेट में रफ वर्क की जगह भी बढ़ा दी गई है.
नीट यूजी के लिए मिलेगा एक्सट्रा टाइम
नीट यूजी 2026 की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए सबसे बड़ा अपडेट इसकी समयावधि को लेकर है. एनटीए के नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, उम्मीदवारों को पेपर हल करने और सभी फॉर्मेलिटी को पूरा करने के लिए कुल 195 मिनट का समय मिलेगा. परीक्षा अपने तय शेड्यूल के अनुसार दोपहर 2 बजे शुरू होगी, लेकिन शाम 5 बजे खत्म होने के बजाय 15 मिनट अतिरिक्त यानी शाम 5:15 बजे तक चलेगी. 15 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम लाइफ-सेवर से कम नहीं है. अब बिना किसी जल्दबाजी के पेपर कंप्लीट कर सकेंगे. इस अतिरिक्त समय को जोड़ने के पीछे एनटीए का तर्क बेहद साफ है. परीक्षा के दौरान अटेंडेंस शीट पर हस्ताक्षर करना, थंब इंप्रेशन लेना और सुरक्षा जांच जैसी जरूरी प्रशासनिक प्रक्रियाओं में काफी समय बर्बाद हो जाता था. एनटीए का कहना है कि इस नए प्रावधान को लागू करने के बाद उम्मीदवारों को परीक्षा हॉल में यह बिल्कुल महसूस नहीं होगा कि इन सरकारी प्रक्रियाओं की वजह से उनके प्रश्न हल करने का समय कम हो रहा है. अभ्यर्थी बिना किसी मानसिक दबाव के निर्धारित समय का बेहतर इस्तेमाल कर पाएंगे.
समय बढ़ाने के साथ ही एनटीए ने उम्मीदवारों की एक और बड़ी सिरदर्दी दूर कर दी है. नीट यूजी परीक्षा में फिजिक्स और केमिस्ट्री के न्यूमेरिकल और लंबे कैलकुलेशन करने के लिए हमेशा से कम जगह मिलने की शिकायत रही है. कई बार उम्मीदवार बुकलेट के कोनों में छोटा-छोटा लिखकर रफ वर्क करते थे, जिससे गलतियां होने का चांस बढ़ जाता था. इस बार एनटीए ने प्रश्नपत्र बुकलेट में रफ वर्क के लिए उपलब्ध खाली जगह बढ़ा दी है. अब अभ्यर्थी बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी गणना और जरूरी नोट्स बना सकेंगे.
नीट यूजी 2026 की परीक्षा 21 जून 2026 को देश-विदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने जा रही है. एनटीए का स्पष्ट कहना है कि इन सभी नए बदलावों का उद्देश्य परीक्षा को अधिक निष्पक्ष, सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है. परीक्षा की शुचिता से समझौता किए बिना उम्मीदवारों को बेहतर और तनावमुक्त माहौल देना ही एजेंसी की प्राथमिकता है. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे बदली हुई टाइमिंग नोट कर लें और इसी के अनुसार मॉक टेस्ट की प्रैक्टिस शुरू कर दें.

