पटना : एक घंटे के भीतर ज्वेलर के घर में घुसकर 10 बदमाशों ने ₹4000000 की डकैती
पटनाः बिहार की राजधानी पटना में बदमाश बेखौफ हैं. मसौढ़ी इलाके में रविवार देर रात डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया. हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान और घर को निशाना बनाया. करीब एक घंटे तक बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की. लाखों रुपये के जेवर, नकदी लेकर फरार हो गए. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी.
घटना मसौढ़ी अनुमंडल के भगवानगंज थाना क्षेत्र की है. यहां स्थित चांदनी अलंकार ज्वेलरी दुकान और उसके ऊपर बने घर में देर रात करीब 10 की संख्या में बदमाश पहुंचे. सभी नकाब पहने हुए थे और उनके पास हथियार भी थे. बदमाश घर के पीछे की तरफ से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे. इसके बाद उन्होंने ताला तोड़ा और घर में सो रहे परिवार के लोगों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया.
40-50 मिनट तक लूटते रहे बदमाश
पीड़ित दुकानदार दीपक सोनी ने बताया कि बदमाश करीब 40 से 50 मिनट तक घर और दुकान में आराम से लूटपाट करते रहे. इस दौरान उन्होंने अलमारी, लॉकर और दुकान की पूरी तलाशी ली. बदमाश करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. पीड़ित के मुताबिक, लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा और मसौढ़ी के डीएसपी राघव दयाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. साथ ही तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में मदद मिलेगी. मसौढ़ी के डीएसपी राघव दयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है.

