बुलंदशहर में बिजली कटौती पर जनता का आक्रोश
बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में कई दिनों से जारी भयंकर बिजली कटौती को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार दोपहर 2 बजे पूर्व सपा विधायक होशियार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने जहांगीराबाद टाउन बिजलीघर पर धावा बोल दिया। देखते ही देखते बिजलीघर परिसर छावनी में तब्दील हो गया और आक्रोशित भीड़ ने अधिकारियों को घेर लिया।
प्रदर्शनकारियों के हंगामे की उग्रता ऐसी थी कि उन्होंने जहांगीराबाद डिवीजन के एक्सईएन (EXEN) सौरभ मिश्रा और एसडीओ (SDO) को उनके कमरों से बाहर निकालकर जमीन पर बिठा दिया। घंटों तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान बिजली विभाग के अधिकारी आक्रोशित जनता के सामने बेबस नजर आए।
जेई भी आंदोलन में उतरे
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर था। बिजली न आने से परेशान महिलाओं ने विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में धरने पर बैठे एक्सईएन और एसडीओ को चूड़ियाँ भेंट कीं। इस विरोध प्रदर्शन में एक अनोखा नजारा तब देखने को मिला, जब विभाग के ही एक रिटायर्ड जेई (JE) नेत्रपाल शर्मा भी आंदोलन के समर्थन में उतर आए। बिजली कटौती से नाराज रिटायर्ड जेई ने विरोध स्वरूप अपने कपड़े उतार दिए और अधिकारियों के सामने ही जमीन पर बैठ गए।
बिजलीघर पर कई घंटों तक जमकर हंगामा और नारेबाजी होती रही, जिससे विभागीय कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि जब तक क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वे पीछे नहीं हटेंगे। भारी हंगामे के कारण मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे संभालने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

