शाहजहांपुर : रेप आरोपी के एनकाउंटर पर पथराव-हंगामा, महिलाओं ने चौकी घेरी, लाठीचार्ज
शाहजहांपुर में गुरुवार दोपहर बवाल हो गया। रेप के आरोपी के हाफ एनकाउंटर पर लोग भड़क उठे। लोगों ने आरोपी को बेगुनाह और पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर करने का आरोप लगाते हुए चांदपुर पुलिस चौकी घेर ली। 150 से ज्यादा महिलाएं-बच्चे और पुरुषों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो भीड़ और उग्र हो गई। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की होने लगी। विवाद बढ़ा तो भीड़ ने पथराव किया। महिलाएं भी हाथ में डंडा लेकर पुलिस की तरफ दौड़ीं। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके लोगों को खदेड़ा। पुलिस के लाठीचार्ज का वीडियो सामने आया है। मामला जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी दूर खुटार थाना क्षेत्र का है।
आरोपी युवक पर एक साल की बच्ची से रेप का आरोप है। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
वारदात 9 जून की है। दोपहर करीब 1 बजे 28 साल का गुड्डू पड़ोसी के मकान में घुस गया। उसने वहां एक साल की बच्ची के साथ रेप किया। चीख सुनकर मां दौड़कर बच्ची के पास गई तो आरोपी दुष्कर्म कर रहा था। उसको हटाने के लिए मां ने आरोपी की पीठ पर कई डंडे मारे। उसके बाद आरोपी भाग गया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की। पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे बाद 9/10 जून की रात आरोपी गुड्डू की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की। लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया। गनीमत थी कि गोली थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी के अगले शीशे पर लगी। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरो में गोली लगी। रात में ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को पुलिस ने उसे जेल भेजा था।
आरोपी गुड्डू ने पुलिस को बताया कि उसका घर बच्ची के मकान के पास ही है। बच्ची का परिवार उससे बातचीत भी करता था और वह अक्सर बच्ची को घर जाकर खिलाता भी था। उसने दावा किया कि उसके मन में कभी बच्ची के साथ गलत हरकत करने का विचार नहीं आया था। लेकिन, जब मंगलवार को वह बच्ची के घर गया तो वह अकेली लेटी थी। वह बच्ची के पास गया और उसके साथ खेलने लगा। इसी दौरान उसने बच्ची के कपड़े उतार दिए और उसके साथ रेप किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुड्डू को अपने किए पर पछतावा था। गुड्डू ने बताया था कि वह बच्ची से दुष्कर्म नहीं करना चाहता था, लेकिन उस वक्त उसे पता नहीं क्या हो गया था। आरोपी ने माफी मांगी और दोबारा ऐसी हरकत न करने की कसम भी खाई।
घटना के बाद आरोपी गुड्डू के परिवार ने उससे किनारा कर लिया था। घटना के बाद से लेकर जेल जाने तक परिवार ने न तो आरोपी से मुलाकात की और न ही पुलिस से संपर्क किया। आरोपी ट्रक चालक है। उसके पिता की मौत हो चुकी है और मां कहीं चली गई थीं। उसके दो सौतेले भाई हैं।
गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे 150 से ज्यादा ग्रामीण पुलिस चांदपुर चौकी पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। उस समय चौकी पर कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि गुड्डू पर फर्जी आरोपी लगाया गया था। जिस बच्ची के साथ घटना हुई है उसकी मां का चाल-चलन ठीक नही है। लोग दो घंटे तक लोग प्रदर्शन करते रहे। 3 बजे खुटार थाना प्रभारी अरविंद सिंह थाने के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। मामला बिगड़ता देख पुवायां और बंडा थाने की फोर्स भी मौके पर बुला ली गई।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी के समर्थन में ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर नारेबाजी की थी। उन्होंने पुलिस वाहन और दरोगा को घेरने की कोशिश की। इसके बाद हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया गया। मौके पर फोर्स तैनात कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों को चिह्नित किया जा रहा है।

