Crime News

फौजी ने दूल्हे समेत 7 लोगों को मारी गोली, महिला की मौत, 6 गंभीर

Share News
5 / 100

गोंडा से बड़ी खबर है। यहां फौजी ने 7 लोगों को गोली मार दी। गोली लगने से महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। दरअसल, पड़ोसी के लड़के की आज बारात जानी थी। शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं।

दूल्हे के घरवालों ने घर के पीछे तिरपाल घेरकर नहाने के लिए बनाया था। फौजी ने उसे हटाने के लिए कहा। इस पर उसका दूल्हे के घरवालों से झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पिस्टल निकाल ली। इसके बाद ताबड़तोड़ 10 से 12 राउंड फायरिंग की। इसमें दूल्हे समेत 7 लोगों को गोली लग गई।

सभी को आनन-फानन स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। जहां एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने घायलों को गोंडा जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। यहां से 4 लोगों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी फौजी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूरा मामला छपिया थाना के महुलीखोरी गांव के पांडेयपुरवा का है। यहां गांव के रहने वाले बाबूराम जायसवाल के लड़के अमनदीप (30) की शादी थी। बाबूराम ने बताया कि समारोह में शामिल होने के लिए दूरदराज से मेहमान आए थे। इनके नहाने के लिए बाबूराम ने घर के पीछे एक तिरपाल लगा कर नहाने के लिए बनाया था।

एक-एक रिश्तेदार नहा रहे थे, तभी फौजी सीताराम उर्फ गब्बर आया। उसने कहा कि यहां मत नहाओ। यह मेरी जमीन है। इसके साथ ही उसने तिरपाल हटाने को कहा, तभी दूल्हे के बाबूराम आए गए। उनकी फौजी से कहासुनी हो गई। फिर गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई।

इसके बाद फौजी घर में आया। वहां से बाइक से पिस्टल ले आया। जब तक लोग उसे रोकने का प्रयास करते। उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फौजी सीताराम उर्फ गब्बर ने 10-12 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली बारी में मेरे साले के पत्नी कलाई देवी (65) की मौके पर ही मौत हो गई है।

फायरिंग में दूल्हा अमनदीप (30), रामदेव (50), दीपक जायसवाल (35), पिंकी जयसवाल (17), सत्यम जयसवाल (18), व पड़ोसी लक्ष्मी यादव (12) गोली लगने से घायल हुई है। घायल लक्ष्मी यादव, पिंकी, रामदेव, दीपक को लखनऊ रेफर किया गया है। वारदात के बाद अफरा-तफरी मच गई।

इधर, लोगों को गोली मारने की खबर मिलते ही पुलिस अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे DIG देवीपाटन रेंज अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया, ”महुली खोरी गांव में यह घटना घटी है। बाबूराम जायसवाल के यहां एक वैवाहिक कार्यक्रम था। पीड़ित और हमलावर पक्ष दोनों के घरों के बीच में एक गली है। इसमें पीड़ित पक्ष ने तिरपाल घेरकर नहाने के लिए बनाया है। जिसको लेकर हमलावर पक्ष के लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें एक महिला की मौत हो गई।”

हमलावर फौजी वारदात के बाद आरोपी भागा नहीं था। वह घर पर ही था। उसे गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस फोर्स मौजूद है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *